नागपुर में बुजुर्ग महिला की एक कॉल से मचा हड़कंप!
कार में बम की सूचना, शहर पुलिस ने ली राहत की सांस
नागपुर के राजनगर में शुक्रवार सुबह एक फोन कॉल ने पूरे इलाके में खलबली मचा दी! 75 साल की बुजुर्ग महिला ने इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल कर दावा किया कि उनके घर के बाहर खड़ी कार में बम रखा हुआ है। फिर क्या था, पुलिस, ट्रैफिक विभाग और बम निरोधक दस्ता तत्काल मौके पर पहुंच गया। इलाके में पुलिस की गाड़ियों का जमावड़ा लग गया और लोग दहशत में आ गए। लेकिन जब कार की तलाशी ली गई, तो ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे बम होने की पुष्टि हो सके। अब पुलिस इस कॉल के पीछे की वजह तलाश रही है।
यह घटना शुक्रवार, 23 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे की है। नागपुर के राजनगर इलाके में तिड़के हाई स्कूल के सामने एक कार खड़ी थी। बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के रिश्तेदार किसी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उनमें से एक ने अपनी कार बुजुर्ग महिला के घर के बाहर पार्क कर दी।
कार पार्क करने को लेकर महिला ने कथित तौर पर आपत्ति जताई। इसके बाद उन्होंने सीधे इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर फोन किया और कार में बम रखे होने की सूचना दे दी। महिला ने पुलिस को कार का नंबर MH02 CN 9014 भी बताया।
बम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। पुलिस, ट्रैफिक विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। कार की जांच शुरू हुई, तो इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। अचानक पुलिस की इतनी गाड़ियों को देखकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बम निरोधक दस्ते की तलाशी में कार से कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। यानी जिस कार को लेकर बम की सूचना दी गई थी, उसमें तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
इसी बीच कार के मालिक भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि वे रेलवे सुरक्षा बल में सहायक उपनिरीक्षक हैं। उन्होंने पुलिस से कार की जांच किए जाने का कारण पूछा, जिसके बाद उन्हें बम की सूचना मिलने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने जब इमरजेंसी कॉल की पड़ताल की, तो पता चला कि फोन 75 वर्षीय महिला ने ही किया था। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला ने किन परिस्थितियों में बम की सूचना दी और इसके पीछे क्या वजह थी।
फिलहाल इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक तरफ कार की तलाशी में बम नहीं मिला, तो दूसरी तरफ इस कॉल ने पुलिस प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है, क्या यह महज पार्किंग विवाद से जुड़ा मामला था या बम की सूचना देने के पीछे कोई दूसरी वजह थी? इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही होगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।