मुंबई-नाशिक हाईवे पर शहापूर के पास भीषण हादसा, त्र्यंबकेश्वर से लौट रहे 4 भाविकों की मौत
मुंबई-नाशिक महामार्ग पर आटगाव के पास कार ट्रक से टकराई, चार लोगों की मौके पर ही मौत और छह घायल।
मुंबई-नाशिक महामार्ग पर शहापूर के पास आटगाव इलाके में एक कार और ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें चार भाविकों की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से जखमी हो गए। जानकारी के मुताबिक, नाशिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन करके मुंबई लौट रहे भाविकों की कार महामार्ग के किनारे खड़े एक मालवाहक ट्रक से पीछे से जा भिड़ी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहने वाला जायसवाल परिवार बुधवार, 16 सितंबर को नाशिक के मशहूर त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन करके अपनी कार से मुंबई की तरफ निकला था। कार जैसे ही आटगाव शिवार में पहुंची, रास्ते के किनारे खड़े एक मालवाहक ट्रक को कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और गाड़ी में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और हाईवे पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंच गए। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि छह लोग गंभीर हालत में घायल पाए गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए शहापूर के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देवदर्शन करके खुशी-खुशी घर लौट रहे जायसवाल परिवार के साथ अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार के साथ-साथ जोगेश्वरी इलाके में भी मातम का माहौल बना दिया है।
घटनास्थल पर पहुंची शहापूर पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों वाहनों को हटाकर महामार्ग पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस अब हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों की सही पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह हादसा ड्राइवर को झपकी आने से हुआ, तेज रफ्तार की वजह से हुआ या कार में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।