लाइसेंस के बगैर चल रहा था मेडिकल स्टोर
इतवारी-वाठोडा में छापे, व्यापारियों में हड़कंप
नागपुर.
बगैर लाइसेंस दवाओं की बिक्री करनेवालों के खिलाफ एएनटीएफ और एफडीए ने बड़ी कार्रवाई की है. जागनाथ बुधवारी और वाठोडा इलाके में मेडिकल दुकानों पर हुई संयुक्त जांच में 22 लाख रुपये की दवा बरामद की गई है. कार्रवाई के दौरान एक दुकान के पास दवा की बिक्री का लाइसेंस ही नहीं मिला, जबकि दूसरी दुकान के दस्तावेजों में खामियां पाई गई. इस कार्रवाई से दवा व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर नागपुर शहर में 1 से 15 अक्टूबर तक मेडिकल दुकानों और फार्मेसी की संयुक्त जांच मुहिम चलाई जा रही है. इसी मुहिम के तहत एएनटीएफ के पुलिस अधीक्षक अजित टिके के मार्गदर्शन में टीम जागनाथ बुधवारी के भारत माता चौक के पास 'फोनेक्स मेडीक्राफ्ट' मेडिकल स्टोर पहुंची. जांच में स्टोर संचालक के पास दवाओं की बिक्री का आवश्यक लाइसेंस नहीं होने का पता चला. जिसके बाद दुकान में रखा दवा स्टॉक जब्त कर लिया गया. टीम ने वाठोडा स्थित 'शंकर फार्मसी' पर छापा मारकर दवा बिक्री से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड की जांच की. वहां आवश्यक दस्तावेज ही नहीं मिलने से स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. दोनों स्टोर से 22 लाख 3 हजार 744 रुपये का स्टॉक बरामद किया गया है.