कुलगाम में CRPF नाके पर बाइक सवारों की फायरिंग, तीन जवान घायल, एक की हालत गंभीर
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने CRPF के जवानों पर गोलियां चलाईं। तीन जवान घायल हैं, एक की हालत नाजुक बताई गई है।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक नाके पर हमला किया। मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षा जवानों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और फिर मौके से भाग निकले। हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CRPF की जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर कुलगाम जिले के एक नाके पर तैनात जवानों पर बाइक से आए अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। हमला अचानक हुआ, इसलिए जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। गोलियां चलाने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की नाकाबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घायल जवानों के नाम कॉन्स्टेबल राकेश दास, कॉन्स्टेबल संतोष चंद्रू और हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर सिंह बताए गए हैं।
राकेश दास असम के रहने वाले हैं। उनके पैर में गोली लगी है और बताया गया है कि उनकी हालत स्थिर है। संतोष चंद्रू पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। उन्हें पेट में और रीढ़ के पास गोलियां लगी हैं। उन्हें तुरंत ऑपरेशन के लिए ले जाया गया और उनकी हालत गंभीर है।
तीसरे जवान सोमवीर सिंह मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत भी स्थिर है।
शुरुआत में खबर आई थी कि हमले में दो जवान घायल हुए हैं। इसके बाद आधिकारिक सूत्रों ने पुष्टि की कि घायल जवान तीन हैं।
हमले के बाद जम्मू-कश्मीर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और डोडा सीट के विधायक मेहराज मलिक ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कुलगाम में दिनदहाड़े हुआ यह आतंकी हमला जमीनी सुरक्षा और खुफिया तंत्र की नाकामी का साफ संकेत है। उन्होंने घायल जवानों के जल्द ठीक होने की कामना भी की।
इस बीच हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हमलावर कौन थे, वे किस दिशा में भागे और हमले के पीछे असल मकसद क्या था, इसकी जांच जारी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।