गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

3.74 करोड़ की लूट, फिर भी पुलिस से दूरी

जुर्म PT24 टीम

जीपीएस लोकेशन के सहारे खुद ही लुटेरों के पीछे दौड़ा हवाला कारोबारी, रातभर करते रहा कार की तलाश, मजबूर होकर दी पुलिस को सूचना

नागपुर.

तीन करोड़ 74 लाख रुपये लुट गए, बदमाश हथियारों के दम पर नकदी से भरी कार लेकर फरार हो गए, लेकिन हवाला कारोबारी को पुलिस की याद नहीं आई. खाकी की मदद लेने के बजाय कारोबारी ने खुद ही लुटेरों का हिसाब बराबर करने की कोशिश शुरू कर दी। कार में लगे जीपीएस ट्रैकर को हथियार बनाकर दूसरी गाड़ी से लुटेरों के पीछे निकल पड़ा. पुलिस को सूचना देने के बजाय कार में लगे जीपीएस लोकेशन ट्रैकर के सहारे अपराधी और अपने वाहन की खोज करता रहा. लोकेशन से कामठी रोड के निर्जन जगह पर पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना देना हवाला कारोबारी की मजबूरी हो गई. शांतिनगर थाने के तहत तुलसी नगर में 18 नवंबर की रात करीब 1.30 बजे हुई इस वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी है. हवाला की नकदी को निशाना बनाने के लिए लुटेरों ने घात लगाकर हमला किया था. चाकू, लकड़ी के डंडे और स्प्रे से हमला कर नकदी से भरी महिंद्रा कार लेकर फरार हो गए.

पुलिस से पहले जीपीएस पर भरोसा, खुद शुरू की तलाश

वारदात के बाद सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि हवाला कारोबारी और उनके साथी वारदात के बाद तत्काल पुलिस के पास पहुंचने की बजाय खुद ही लुटेरों की तलाश में जुट गए. लूटी गई महिंद्रा कार में जीपीएस लोकेशन ट्रैकर लगा हुआ था. इसी ट्रैकर की मदद से वाहन की लोकेशन लगातार हासिल की जा रही थी. कारोबारी ने अपने स्तर पर दूसरी कार का इंतजाम किया और साथियों को लेकर लुटेरों के पीछे निकल पड़े. उन्हें महिंद्रा कार की लोकेशन कामठी रोड की दिशा में मिली. हवाला कारोबारी सुरेश परमार चालक और साथियों के साथ कामठी रोड पर पहुंच गए. रास्ते में सुनसान इलाका होने के कारण परमार को लुटेरों के कार लेकर फरार होने का भरोसा हो गया. इसके बाद फोन के जरिए पुलिस को घटना की जानकारी दी. जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस और हवाला कारोबारी जब खैरी गांव के सामने एक सुनसान स्थान पर पहुंचे तो लूटी गई महिंद्रा कार वहां खड़ी मिली. कार के दरवाजे खुले हुए थे. जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे पांच से छह बैग में भरी 3 करोड़ 74 लाख रुपये की नकदी गायब थी. अपराधी कार छोड़कर नकदी लेकर फरार हो चुके थे.

चाकू से हमला, आंखों में स्प्रे डालकर बनाया बंधक

इस लूट को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया. नकदी को जालना स्थित सुरेश परमार के भाई सोहम परमार के पास ले जाना था. सोहम ने मोहन राव नामक चालक को महिंद्रा कार लेकर जालना से भेजा था. मोहन ने जैसे ही कार घर की पार्किंग से बाहर निकली पीछे से आई सफेद ब्रेजा कार ने रास्ता रोक लिया. उसमें से तीन से चार नकाबपोश बदमाश उतरे थे. उनमें से दो के हाथों में चाकू थे. एक अपराधी ने कर्मचारी ललित कुमार के हाथ पर चाकू से वार किया और उसकी आंखों में स्प्रे डाला. अन्य आरोपियों ने मोहन राव के सिर पर मुक्के बरसाए और गले पर चाकू रखकर कार से नीचे उतरने पर मजबूर कर दिया. अचानक हुए हमले से परमार और कर्मचारी सिद्धांत निकम घबराकर घर के भीतर भाग गए. अपराधी मोहन राव से कार लेकर फरार हो गए.

केबिनेट में रखे गए थे रुपये

लुटी गई महिंद्रा कार में रुपये छूपाने के लिए सीट के नीचे सिक्रेट केबिनेट बनाया गया था. उस केबिनेट में नोटों को रखा गया था. केबिनेट में नोट रखने और हटाने के लिए करीब आधा घंटे का वक्त लगता है. अपराधियों ने कम वक्त में ही केबिनेट खाली कर लिया. इस तरह का काम हवाला रैकेट से जूड़ा व्यक्ति ही कर सकता है. पुलिस वारदात के बाद से हवाला की लूट में लिप्त अपराधियों की धरपकड़ कर रही है. 20 से अधिक पेशेेवर अपराधियों की सूचि बनाई गई है. उनकी खोजबीन की जा रही है. लखोटिया बंधु हत्याकांड से अबतक हवाला की लूट हमेशा शहर पुलिस के लिए सिरदर्द रहीं है. लकड़गंज, तहसील और कोतवाली थाना परिसर में 20 से 25 हवाला ऑपरेटर्स है. उनका मुख्यालय अनाजा बाजार का भुतड़ा चेंबर है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन