सीएम सिटी में अपराधियों का तांडव! हथियारबंद बदमाश लुट ले गए हवाला के 3.74 करोड़
शांतिनगर थाने के तुलसीनगर में आधी रात को वारदात, नोटों से भरी कार लेकर हुए फरार, खैरी में मिली लावारिस कार, शहर पुलिस में मचा भुचाल
नागपुर में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया. राज्य की उपराजधानी और मुख्यमंत्री के शहर में हथियारबंद बदमाशों ने ऐसा दुस्साहस दिखाया कि पुलिस महकमे में भूचाल आ गया. शांतिनगर थाना क्षेत्र के तुलसीनगर में मंगलवार, 17 नवंबर की देर रात हवाला कारोबारी के घर के बाहर से 3.74 करोड़ रुपये से भरी कार ही लूट ली गई. छह से सात हथियारबंद बदमाशों ने कारोबारी और उसके साथियों को हथियारों की नोक पर कब्जे में लिया और करोड़ों की नकदी से भरी कार लेकर पलक झपकते ही गायब हो गए.
वारदात का पता चलते ही पुलिस के आला अधिकारियों घटनास्थल पहुंच गए.शहरभर में नाकाबंदी की गई, रास्तों पर वाहनों की तलाशी शुरू हुई, लेकिन बदमाश पुलिस को चकमा देकर निकल चुके थे। बुधवार तड़के खैरी इलाके में लूटी गई कार तो मिल गई, मगर उसमें रखे करोड़ों रुपये गायब थे. सीएम सिटी में अपराधियों के इस बेखौफ तांडव ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घर से करोड़ों की खेप निकलते ही टूट पड़े हथियारबंद बदमाश!
सूत्रों के अनुसार हवाला कारोबारी सुरेश परमार शांतिनगर के तुलसीनगर इलाके में रहते हैं. बताया जाता है कि उनकी जालना में एसपी आंगड़िया सर्विस है. उसे उनका भाई सोहम संभालता है. सुरेश परमार मंगलवार की रात हवाला के 3.74 करोड़ रुपये जालना जा रहे थे. नकदी को अलग-अलग बैगों में भरकर कार में रखा गया था। परमार और उनके साथी कार लेकर घर से निकलने ही वाले थे कि तभी हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया. कार जैसे ही घर के गेट से बाहर निकलने लगी, अपराधियों ने उसे घेर लिया. हथियारों के दम पर परमार और उसके साथियों को कब्जे में कर लिया. नकदी से भरी कार लेकर फरार हो गए. अपराधियों ने वारदात को जिस अंदाज में अंजाम दिया उससे साफ है कि उन्हें परमार द्वारा रुपये लेकर जाने का पता था. घटना का पता चलते ही जोन-3 के डीसीपी राहुल मदने और क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल घटनास्थल पर पहुंचे. सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाने लगी. शहर से बाहर निकलने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई. लेकिन बुधवार तड़के खैरी इलाके में सिर्फ लूटी गई कार मिली. कार से नकदी गायब थी.
15 दिन पहले ही क्राइम टाइम 24 ने दी थी खतरे की चेतावनी!
हवाला कारोबार में बह रही करोड़ों की नकदी और उस पर अपराधियों की गिद्ध नजर को लेकर प्राइम टाइम 24 ने 15 दिन पहले ही बड़ा खुलासा किया था. रिपोर्ट में आगाह किया गया था कि हवाला की बड़ी रकम अपराधियों के निशाने पर है और वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. अब तुलसीनगर में 3.74 करोड़ रुपये की डकैती ने उस आशंका को सच साबित कर दिया है. नागपुर में पहले भी हवाला की रकम लूटे जाने की कई वारदातें हो चुकी हैं. इन घटनाओं में हवाला कारोबार से जुड़े लोग ही लिप्त पाए गए है. ऐसे में ताजा डकैती में भी पुलिस को अंदरूनी जानकारी लीक होने और हवाला नेटवर्क से जुड़े लोगों की लिप्तता की आशंका है. परमार पहले एक दूसरे व्यापारी के साथ भागिदारी में कारोबार करते थे. दो माह पहले ही अलग हुए है.
आखिर किसने दी करोड़ों की खेप की मुखबिरी?
इस पूरी वारदात में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बदमाशों को 3 करोड़ 74 लाख रुपये की मौजूदगी और उनके जालना रवाना होने की जानकारी कैसे मिली? क्या अपराधी कई दिनों से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे? क्या उन्हें घर से नकदी निकलने के समय और रास्ते की सटीक जानकारी थी? या फिर हवाला कारोबार के भीतर से ही किसी ने करोड़ों की इस खेप की मुखबिरी की? इतनी बड़ी रकम की आवाजाही की जानकारी हासिल करना और फिर हथियारों के साथ घर के बाहर पहुंचकर कार लूट लेना किसी सामान्य अपराधी गिरोह का काम नहीं लगता. पुलिस के सामने अब केवल लूट की रकम बरामद करने की चुनौती नहीं है, बल्कि इस पूरी वारदात के पीछे छिपे नेटवर्क को बेनकाब करना भी जरूरी है।
सीएम सिटी में अपराधियों की बादशाहत या पुलिस का खौफ खत्म?
नागपुर में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं के बीच करोड़ों की यह डकैती पुलिस के लिए बड़ी परीक्षा बन गई है. जिस शहर में मुख्यमंत्री रहते हैं, उसी शहर में हथियारबंद अपराधी घर के बाहर से करोड़ों की नकदी लूटकर फरार हो जाएं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है. व्यापारियों में दहशत है और पुलिस के सामने अपराधियों को जल्द पकड़ने का दबाव. अब देखना यह है कि पुलिस इस हाईप्रोफाइल डकैती की गुत्थी सुलझाकर करोड़ों की रकम बरामद कर पाती है या यह वारदात भी हवाला लूट की पुरानी फाइलों में शामिल होकर रह जाएगी.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।