गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

पैसों के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या

जुर्म PT24 टीम

नौकरी लगाने के नाम पर लिए थे रुपये, अधमरा समझकर लावारिश छोड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

नागपुर.

नौकरी लगाने के नाम पर लिए गए रुपयों का विवाद इतना खूनी हो गया कि पांच लोगों ने एक युवक की अगवा करने के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे कार में डालकर लावारिश छोड़ दिया. बाद में हालत बिगड़ने का एहसास होने पर मेडिकल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया. इस सनसनीखेज वारदात में आरोपियों ने मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्त को भी बंधक बनाकर प्रताड़ित किया और उससे ऑनलाइन पैसे वसूले. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है.

30 हजार के विवाद में खुनी साजिश

मृतक उपलवाड़ी, कोराडी निवासी 30 वर्षीय शुभम लक्ष्मण कारेमोरे मुलत: भंडारा के तुमसर का निवासी था. वह ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम करता था. वह लोगों को एसबीआई और निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रुपये तक लेता था. आरोप है कि उसने कुछ लोगों से पैसे तो ले लिए, लेकिन न तो उन्हें नौकरी दिलाई और न ही रकम वापस की. उसने एक युवती से भी नौकरी लगाने के नाम पर 30 हजार रुपए लिए थे. नौकरी नहीं लगने पर युवती ने आरोपियों को बताया. इसके बाद से आरोपियों का शुभम से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने आगे चलकर खौफनाक वारदात का रूप ले लिया.

बंधक बनाकर दिनभर दी यातनाएं

आरोपी सुधांशु राकेश पाटील (24), श्रवण नरेश गनवीर (21), सचिन हाडके, नकुल और उनके एक अन्य साथी ने मिलकर शुभम को सबक सिखाने की योजना बनाई. शुभम का दिघोरी चौक पर डीजी लोन नाम से कार्यालय है. आरोपियों ने मंगलवार की दोपहर 1 बजे शुभम और उसके दोस्त रोशन अरुण कापसे (26) उपलवाड़ी, को दिघोरी चौक स्थित डीजी लोन कार्यालय में बुलाया गया. दोनों के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद शुभम से पैसों की मांग करते हुए बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. बेल्ट और स्टूल से पीटकर लहुलुहान कर दिया. 30 हजार रुपये देने को कहा. रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. दिनभर चले इस टॉर्चर में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी हालत बिगड़ती रही, लेकिन आरोपियों की प्रताड़ना नहीं रुकी. आरोपियों ने शुभम के दोस्त रोशन कापसे को भी नहीं बख्शा. उसे भी बंधक बनाकर धमकाया और पैसों की मांग की. रोशन को रात 8 बजे एटीएम पर ले गए. एटीएम से निकाले गए 10 हजार रुपए लेकर छीनकर रोशन को छोड़ दिया. शुभम को पांजरी टोल नाके की दिशा में ले गए.

पांजरी टोल नाके पर छोड़ा, फिर अस्पताल पहुंचे आरोपी

लगातार पिटाई से शुभम बेहोश हो गया था. आरोपियों ने उसे पांजरी टोल नाके के पास लावारिश अवस्था में छोड़ दिया. करीब डेढ़ घंटे के बाद जब आरोपी वहां से लौटे तो शुभम बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ दिखाई दिया. आरोपियों ने उसे पून: कार में डाला. काफी देर तक इधर-उधर घूमने के बाद देर रात मेडिकल ले गए. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया. मेडिकल के चिकित्सक को गुमराह करके आरोपी फरार हो गए. चिकित्सक ने मेडिकल पुलिस बुथ को सुचना दी. इसके आधार पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने शुभम के दोस्त रोशन कापसे से पूछताछ की. उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया. जिसके बाद हुड़केश्वर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया. पुलिस ने सुधांशु राकेश पाटील, रामबाग, इमामवाड़ा और श्रवण नरेश गणवीर, बेसा चौक को गिरफ्तार किया है. सचिन हाडके, नकुल और उनके एक अन्य साथी की तलाश जारी है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन