कक्षा 9 से 12 के बच्चों को पढ़ाया जाएगा AI, NCERT ने तैयार किया नया मॉड्यूल
NCERT ने कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए कॉम्प्युटेशनल थिंकिंग और AI पर नया शुरुआती मॉड्यूल तैयार किया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए एक नया मॉड्यूल तैयार किया है। शिक्षा मंत्रालय के तहत आने वाली NCERT ने कॉम्प्युटेशनल थिंकिंग और एआई इंटेलिजेंस पर यह शुरुआती मॉड्यूल विकसित किया है।
यह मॉड्यूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसका मकसद स्कूल के बच्चों में 21वीं सदी की जरूरी स्किल्स, तकनीकी जागरूकता और लॉजिकल थिंकिंग को बढ़ाना है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पढ़ने के लिए पहले से एआई की जानकारी होना जरूरी नहीं है।
NCERT की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक इस मॉड्यूल में कॉम्प्युटेशनल थिंकिंग का मतलब है समस्याओं को पहचानना और उन्हें व्यवस्थित तरीके से, तर्क के साथ सुलझाना। इसके जरिए विद्यार्थी समझ सकेंगे कि रोजमर्रा की जिंदगी में एआई की क्या भूमिका है और वह काम कैसे करता है।
पढ़ाई का तरीका दिलचस्प और व्यावहारिक रहे, इसके लिए मॉड्यूल में अनुभव और कामकाज पर आधारित सीखने का तरीका अपनाया गया है। इसमें डिस्कशन, प्रैक्टिकल और प्रैक्टिस वाले प्रयोग और आत्मचिंतन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
डिजिटल संसाधनों की कमी को देखते हुए हर एक्टिविटी ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से कराई जा सकेगी। इससे कम संसाधनों वाले या सीमित इंटरनेट वाले स्कूलों के विद्यार्थियों को भी फायदा मिलेगा।
मॉड्यूल में टेक्नोलॉजी को ज्यादा सुरक्षित, निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने पर खास ध्यान दिया गया है। इसमें विद्यार्थियों की जागरूकता पर ज्यादा जोर रहेगा। जैसे डिजिटल सुरक्षा और निजी डेटा की गोपनीयता बनाए रखना, और इंटरनेट पर फैलने वाली गलत जानकारी की निष्पक्ष जांच करना।
बच्चों को यह भी सिखाया जाएगा कि वे एआई पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, बल्कि जानकारी की सटीकता और वेरिफिकेशन को खुद परखें। साथ ही मॉड्यूल में इंसानी विवेक, रचनात्मकता और नैतिकता की जिम्मेदारी के बारे में भी बताया गया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।