मंगलवार, 10 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

जूही चावला की मांग: अप्रैल-मई की गर्मी की जगह जनवरी में हो IPL

धूप में क्रिकेट मैदान पर कर्मचारी पिच में पानी डालते और उसे तैयार करते दिख रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खेल PT24 टीम

कोलकाता नाइट राइडर्स की सह-मालकिन जूही चावला ने सोशल मीडिया पोस्ट में IPL को जनवरी में कराने की मांग रखी है। उनके मुताबिक शेड्यूल बदलने से खिलाड़ियों और दर्शकों को फायदा हो सकता है।

अभिनेत्री और कोलकाता नाइट राइडर्स की सह-मालकिन जूही चावला ने IPL के आयोजन के समय पर अपनी राय रखी है। उन्होंने मांग की है कि इंडियन प्रीमियर लीग जनवरी के महीने में कराई जाए। उनका कहना है कि टूर्नामेंट का शेड्यूल बदला गया तो खिलाड़ियों, दर्शकों और इससे जुड़े सभी लोगों को फायदा हो सकता है। अभी IPL मार्च से मई के बीच होती है और ज्यादातर मैच अप्रैल और मई में खेले जाते हैं।

जूही ने यह बात सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट में कही। इस पोस्ट के बाद क्रिकेट जगत में जोरदार चर्चा छिड़ गई है। उन्होंने IPL के मौजूदा शेड्यूल पर सवाल उठाए हैं और सुझाव दिया है कि टूर्नामेंट कराने के समय पर दोबारा सोचा जाए।

अपनी पोस्ट में जूही ने लिखा कि आईपीएल को अब क्रिकेट कैलेंडर में जगह पाने की जरूरत नहीं है, बल्कि वह इतना ऊंचा मुकाम हासिल कर चुकी है कि उसे क्रिकेट कैलेंडर को प्रभावित करने का हक है। उन्होंने यह भी बताया कि ललित मोदी ने भी IPL की विंडो बदलने की मांग की है। ललित मोदी के मुताबिक क्रिकेट में IPL की अहमियत उतनी ही बड़ी है, जितनी फुटबॉल में इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) की।

ललित मोदी की पोस्ट में, जिसे जूही ने अपनी बात में आधार बनाया, कहा गया है कि IPL को ICC से विंडो मिलने की जरूरत नहीं है। मोदी के शब्दों में IPL एक घरेलू टूर्नामेंट है, जिसका मालिकाना हक और संचालन BCCI के पास है, और BCCI तय कर सकता है कि इसे कब कराना है। उन्होंने माना कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं और खिलाड़ियों की रिलीज को संभालना होगा, लेकिन कैलेंडर के किसी हिस्से में रहने के लिए इजाजत मांगना बिल्कुल अलग बात है।

मोदी ने लिखा कि 2008 में भारत की फिल्म, टेलीविजन और मनोरंजन इंडस्ट्री को लगा था कि वह IPL का मुकाबला कर लेगी, लेकिन जल्द ही उसे समझ आ गया कि जब IPL पूरे देश का ध्यान खींचती है तो क्या होता है। फिल्मों की रिलीज आगे खिसकानी पड़ी और प्राइम-टाइम टेलीविजन में रुकावट आई। उनके शब्दों में IPL ने बॉलीवुड से विंडो नहीं मांगी, बॉलीवुड ने खुद को IPL के हिसाब से ढाला।

चैंपियंस लीग T20 को दोबारा शुरू करने के बारे में मोदी ने साफ लिखा कि वे इसके पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वे मूल चैंपियंस लीग की अवधारणा बनाने में शामिल थे और उस दौर में वह कारोबारी तौर पर समझदारी का फैसला था। लेकिन अब IPL फ्रेंचाइजी के मालिकाना समूह कई अंतरराष्ट्रीय T20 लीगों में फैल चुके हैं। एक ही मालिक की टीमों के आपस में भिड़ने से गवर्नेंस और हितों के टकराव के सवाल खड़े होते हैं। उनके मुताबिक नया टूर्नामेंट बनाने के बजाय जो प्रतियोगिता पहले से चल रही है, उसे मजबूत करना चाहिए।

मोदी का प्रस्ताव है कि IPL को अप्रैल-मई की लगातार बढ़ती तपती गर्मी से हटाने पर गंभीरता से विचार हो। इसके लिए उन्होंने दो विकल्प रखे हैं: जनवरी में शुरुआत, या अक्टूबर से अप्रैल तक का सोच-समझकर बनाया गया प्रतियोगिता कैलेंडर।

जूही चावला ने भी अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट साल के सबसे गर्म मौसम में ही क्यों कराया जाए। उनका कहना है कि अगर क्रिकेट के शेड्यूल पर दोबारा विचार हो रहा है, तो अप्रैल-मई की जगह जनवरी में IPL क्यों न कराई जाए।

जूही ने जनवरी में टूर्नामेंट कराने के फायदे भी गिनाए हैं। उनके मुताबिक उस वक्त मौसम तुलनात्मक रूप से अनुकूल रहता है, इससे क्रिकेट का स्तर सुधारने में मदद मिल सकती है और खिलाड़ियों व दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सकता है। उनके इस प्रस्ताव से IPL के शेड्यूल में बदलाव को लेकर नए सिरे से बहस शुरू हो गई है।

#नागपुर#खेल#PT24#Sports#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन