जेल पहुंचा कुख्यात गैंगस्टर युवराज माथनकर
महिला पर बलात्कार का मामला, पून: प्रतिबंधक कार्रवाई के आसार, क्राइम रिकार्ड खंगाल रही पुलिस
नागपुर.
शादी का झांसा देकर दो साल तक महिला का यौन शोषण करनेवाले कुख्यात गैंगस्टर युवराज गिरफ्तार माथनकर को बुधवार, 21 अक्टूबर को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. ताजा मामले ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं. आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है.
माथनकर दो साल से 37 वर्षीय पीड़िता का यौन शोषण कर रहा था. शादी का भरोसा देकर उसने शारीरिक शोषण करने के साथ तीन बार गर्भपात भी कराया. पीड़िता जब भी शादी करने के लिए बोलती तो वह मारपीट करके जान से मारने की धमकी देता था. लगातार प्रताड़ना से परेशान त्रस्त होकर महिला ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया. प्रतापनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर माथनकर को गिरफ्तार किया. उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में रखा गया था. 21 अक्टूबर को हिरासत समाप्त होने पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. माथनकर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हफ्ता वसूली, दंगा और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर मामले दर्ज है. एक साल पहले बजाज नगर थाने में लापरवाही से वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने का भी मामला दर्ज है. माथनकर पहले गैंगस्टर संतोष आंबेडकर के संपर्क में था. बाद में वह सोलर कारोबार से जुड़ गया. शहर के कुछ सत्ताधारी पार्टी के नेताओं और व्यापारियों से उसके करीबी संबंध है. उसके सोशल मीडिया अकाउंट से इन नेताओं और व्यापारियों का पता चल जाता है. इन्हीं रसूखदार चेहरों के साथ अपनी नजदीकियों का इस्तेमाल करके माथनकर धाक जमाता था. उसके साथ लंबे समय से जुड़े इन लोगों के सामने उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी रही, लेकिन उन्होंने उससे नजदिकी बनाकर रखी.
पहले भी मकोका की कार्रवाई, अब फिर निशाने पर
माथनकर के खिलाफ पहले भी महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कार्रवाई हो चुकी है. ताजा मामले के बाद उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए दोबारा प्रतिबंधक कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है. पुलिस स्तर पर भी उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल माथनकर न्यायिक हिरासत में जेल में है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।