रविवार, 1 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

IND vs AFG: पहली टी-20 में ओपनिंग को लेकर श्रेयस अय्यर असमंजस में, तीन दावेदार

IND vs AFG: पहली टी-20 में ओपनिंग को लेकर श्रेयस अय्यर असमंजस में, तीन दावेदार तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खेल PT24 टीम

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर को ओपनिंग जोड़ी तय करने में मशक्कत करनी पड़ रही है, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा तीनों फॉर्म में हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले पहले टी-20 मैच से पहले भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर एक बड़े पेच में फंसे नजर आ रहे हैं। मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब अय्यर मीडिया के सामने पहुंचे, तो सबसे पहला सवाल यही पूछा गया कि पारी की शुरुआत आखिर किससे कराई जाएगी। इस पर अय्यर ने खुलकर माना कि मौजूदा भारतीय ओपनिंग विकल्पों में से किसी को भी बाहर बिठाना आसान काम नहीं होगा।

दरअसल भारतीय टी-20 टीम में इस वक्त तीन ओपनर मौजूद हैं, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा, और तीनों ही जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में कप्तान के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन तीनों में से किसे प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओपनिंग जोड़ी को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अय्यर ने कहा, "यह फैसला बहुत मुश्किल होने वाला है, क्योंकि ये लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जो खिलाड़ी टीम से बाहर रहते हैं, उनसे कोच के साथ बातचीत करना और उन्हें यह भरोसा देना जरूरी है कि जो भी हो, सही समय पर उन्हें उनका मौका जरूर मिलेगा।"

ऐसा माना जा रहा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 मैच में संजू सैमसन को समझौता करना पड़ सकता है, क्योंकि प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा के पारी की शुरुआत करने की पूरी संभावना है। अभिषेक पिछले दो सालों से भारत के सबसे बेहतरीन टी-20 बल्लेबाज बने हुए हैं। कम से कम 500 टी-20 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है। वहीं दूसरी तरफ, वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी शैली को देखते हुए उन्हें टीम से बाहर करना भी कप्तान के लिए आसान फैसला नहीं होगा। ऐसे हालात में संजू सैमसन ही वह इकलौता विकल्प बचते हैं जिनके नाम पर कैंची चल सकती है।

गौरतलब है कि इंग्लैंड दौरे के दौरान संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। वैभव की डेब्यू सीरीज भले ही खास असरदार नहीं रही हो, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अपनी छाप जरूर छोड़ी थी। इसके बाद हाल ही में खत्म हुई दलीप ट्रॉफी में भी वैभव ने दमदार बल्लेबाजी की थी। यही वजह है कि अब वैभव के अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत करने की संभावना ज्यादा नजर आ रही है।

वैभव सूर्यवंशी हाल ही में दलीप ट्रॉफी खेलकर लौटे हैं, जबकि अभिषेक शर्मा ने शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन किया है। इसी वजह से इन दोनों को उतारे जाने की संभावना ज्यादा जताई जा रही है। फैंस भी वैभव और अभिषेक को एक बार फिर मैदान पर देखना चाहते हैं। अब देखना यह होगा कि आखिर श्रेयस किसे मौका देते हैं।

#नागपुर#खेल#PT24#Sports#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे