IIT और NIT में क्या फर्क है? फीस, एडमिशन और प्लेसमेंट का पूरा हिसाब
IIT और NIT दोनों सरकारी संस्थान हैं, पर फीस, एडमिशन के रास्ते और प्लेसमेंट पैकेज में फर्क है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
हर साल लाखों नौजवान देश के टॉप इंजीनियरिंग इंस्टिट्यूट IIT (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) या NIT (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) में दाखिले का सपना देखते हैं। जेईई मेन और जेईई ऐडवांस्ड की तैयारी के दौरान स्टूडेंट्स और उनके पैरेंट्स के मन में कुछ सवाल हमेशा रहते हैं। क्या ये दोनों संस्थान सरकारी हैं? दोनों की फीस में कितना फर्क है? और कहां से पढ़ने के बाद नौकरी के बेहतर मौके, यानी प्लेसमेंट, मिलते हैं?
अगर आप JEE 2027 की तैयारी कर रहे हैं, तो परीक्षा से पहले IIT और NIT की ABCD समझ लेना बहुत जरूरी है। पढ़ाई के सिस्टम, सालाना खर्च और सरकारी छूट से लेकर कैंपस प्लेसमेंट के आंकड़ों तक, दोनों में बारीक फर्क हैं।
पहले यह देखते हैं कि दोनों सरकारी हैं या नहीं। IIT और NIT दोनों भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले स्वायत्त (Autonomous) और केंद्र सरकार से फंड पाने वाले (Centrally Funded) संस्थान हैं। देश में इन्हें 'राष्ट्रीय महत्त्व के संस्थान' (Institutes of National Importance) का दर्जा मिला हुआ है।
IIT की शुरुआत 1950 के दशक में हुई थी। इनमें दाखिले के लिए जेईई मेन पास करने के बाद जेईई ऐडवांस्ड में भी बेहतरीन रैंक लानी पड़ती है। NIT को पहले रीजनल इंजीनियरिंग कॉलेज (REC) कहा जाता था, बाद में उन्हें NIT का दर्जा मिला। इनमें एडमिशन जेईई मेन की मेरिट लिस्ट और ऑल इंडिया रैंक के आधार पर होता है।
अब फीस की बात। दोनों संस्थानों की कुल फीस में बहुत बड़ा फर्क नहीं है। IIT में 4 साल के B.Tech कोर्स का ट्यूशन फीस, हॉस्टल और बाकी खर्च मिलाकर करीब 8 लाख से 12 लाख रुपये के बीच बैठता है। NIT में 4 साल की पढ़ाई का कुल खर्च आम तौर पर 5 लाख से 8 लाख रुपये के आसपास आता है।
काम की जानकारी यह है कि अगर आप जनरल, EWS या OBC-NCL कैटेगरी से हैं और परिवार की सालाना आमदनी 1 लाख रुपये से कम है, तो IIT और NIT दोनों में ट्यूशन फीस 100% माफ हो जाती है। जिन परिवारों की सालाना आमदनी 1 से 5 लाख रुपये के बीच है, उनके बच्चों को ट्यूशन फीस में 2/3 (करीब 66.6%) की छूट मिलती है। SC, ST और दिव्यांग (PwD) कैटेगरी के स्टूडेंट्स के लिए ट्यूशन फीस पूरी तरह शून्य रहती है।
अब प्लेसमेंट पैकेज और इंटरनेशनल जॉब्स की बात करें तो NITs के मुकाबले IITs का पलड़ा थोड़ा भारी दिखता है। देश के टॉप और पुराने IIT, जैसे IIT बॉम्बे, दिल्ली, कानपुर और खड़गपुर, में औसत सालाना सैलरी पैकेज 20 लाख से 30 लाख रुपये के बीच रहता है। यहां Google, Microsoft, Apple, Meta और Amazon जैसी बड़ी ग्लोबल कंपनियां कैंपस सिलेक्शन के लिए आती हैं, और विदेश में पोस्टिंग के मौके भी ज्यादा मिलते हैं।
टॉप NIT, जैसे NIT त्रिची, सुरथकल और वारंगल, का प्रदर्शन भी शानदार है। NIT में औसत पैकेज 10 लाख से 15 लाख रुपये सालाना रहता है। टॉप NIT में भी देश-विदेश की बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियां बड़ी संख्या में भर्ती के लिए आती हैं।