हेब्रोन के पास गोलीबारी में दो इस्रायली सैनिक मरे, वेस्ट बैंक में सख्त लॉकडाउन
हेब्रोन के पास हुई गोलीबारी में दो इस्रायली सैनिकों की मौत के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पूरे वेस्ट बैंक में सख्त लॉकडाउन लगाया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
इस्रायल ने पैलेस्टाइन के वेस्ट बैंक में सख्त लॉकडाउन लगा दिया है। मध्य पूर्व में संघर्ष पहले से चरम पर है और इस नए कदम से तनाव और बढ़ गया है। हजारों पैलेस्टीनी लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी इससे बिगड़ गई है।
हेब्रोन शहर के पास एक सैनिक चेकपोस्ट है। वहां अचानक पैलेस्टीनी बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। इस हमले में दो इस्रायली सैनिकों की मौत हो गई, जबकि तीन और सैनिक जख्मी हुए। इस पर इस्रायली सेना ने जवाबी हमला किया और दो पैलेस्टीनी नागरिक मारे गए।
इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने फौरन हेब्रोन की घेराबंदी करने और पूरे वेस्ट बैंक में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया। इसके तुरंत बाद इस्रायली सैनिकों ने पूरे शहर को घेर लिया और सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। अब दुनिया भर में चर्चा हो रही है कि यह लॉकडाउन कानून और नैतिकता के हिसाब से कितना सही है।
सैन्य कार्रवाई के दौरान हेब्रोन के अल जालादा और ऐन देयर बहा इलाकों में बड़े पैमाने पर छापे मारे गए। कई घरों की तलाशी ली गई और कुछ घर, दुकानें और इमारतें गिरा दी गईं। अंदाजन 1200 पैलेस्टीनी नागरिक अपने घर और गृहस्थी छोड़कर जहां सुरक्षित जगह मिली, वहां चले गए हैं। इलाके में डर का माहौल है। बुजुर्गों और छोटे बच्चों को इससे सबसे ज्यादा तकलीफ हो रही है।
इस्रायली सेना ने वेस्ट बैंक के कई शहरों के अहम रास्ते और एंट्री गेट बंद कर दिए हैं और जगह-जगह चेकपोस्ट खड़े किए गए हैं। हर नागरिक की हर हरकत पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। इसका असर अस्पताल, स्कूल, कारोबार और रोजगार पर पड़ रहा है। कुछ लोग इलाज के लिए भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।
पैलेस्टीनी प्रशासन ने इस कार्रवाई को सामूहिक सजा बताया है। दूसरी तरफ संयुक्त राष्ट्र ने पूरे घटनाक्रम पर चिंता जताई है। आम आदमी की जिंदगी इस वक्त पूरी तरह बिखर गई है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।