एशियाई खेल 2026: महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत-बांग्लादेश और पाकिस्तान-श्रीलंका आमने-सामने
क्वार्टर फाइनल के नतीजों के बाद एशियाई खेल 2026 की महिला क्रिकेट स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं, दोनों मैच 20 सितंबर को खेले जाएंगे।
एशियाई खेल 2026 की महिला क्रिकेट स्पर्धा में क्वार्टर फाइनल के मुकाबले खत्म होते ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों के नाम साफ हो गए हैं। भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका, ये चार टीमें अगले राउंड में जगह बना चुकी हैं। साथ ही सेमीफाइनल मुकाबलों का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है, यानी अब यह भी तय हो गया है कि कौन सी टीम किसके खिलाफ मैदान में उतरेगी।
क्वार्टर फाइनल के नतीजों पर नजर डालें तो पहला मुकाबला बांग्लादेश और चीन के बीच खेला गया था, लेकिन बारिश की वजह से यह मैच रद्द करना पड़ा। इसके बावजूद बांग्लादेश की टीम अपने ज्यादा पॉइंट्स के दम पर सेमीफाइनल में पहुंच गई। दूसरा क्वार्टर फाइनल थाईलैंड और पाकिस्तान के बीच था, जिसमें पाकिस्तान ने तीन विकेट से जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में श्रीलंका ने मलेशिया को 86 रन से हराया। और चौथे क्वार्टर फाइनल में भारत ने जापान को 8 विकेट से रौंदते हुए एकतरफा अंदाज में सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
अब बात करते हैं सेमीफाइनल के शेड्यूल की। पहला सेमीफाइनल 20 सितंबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, जो सुबह 5:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले में श्रीलंका को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं दूसरा सेमीफाइनल भी 20 सितंबर को ही भारत और बांग्लादेश के बीच होगा, जो सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। गौरतलब है कि ये दोनों टीमें हाल ही में एशिया कप में भी भिड़ चुकी हैं, जहां भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। ऐसे में क्रिकेट जानकारों को उम्मीद है कि एशियाई खेलों में भी फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच ही हो सकता है, क्योंकि दोनों ही टीमों में शानदार खिलाड़ी मौजूद हैं और श्रीलंका ने भी इस स्पर्धा में अब तक बेहतरीन खेल दिखाया है।
भारतीय टीम के प्रदर्शन की बात करें तो जापान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए जापानी टीम महज 57 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस पारी में सबसे ज्यादा विकेट श्री चरणी ने चटकाए, जबकि शेफाली वर्मा को भी दो विकेट मिले। जवाब में भारत ने महज पांच ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इस दमदार जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की है और अब पूरी टीम की नजरें फाइनल जीतकर सोने का तमगा जीतने पर टिकी हैं।