अफगानिस्तान ने पहली बार जीता हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस का खिताब, फाइनल में ऑस्ट्रेलिया हारा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मिशन रोड ग्राउंड पर रविवार को खेले गए फाइनल में इमरान मीर ने 14 गेंदों में नाबाद 53 रन ठोके।
अफगानिस्तान ने हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस का अपना पहला खिताब जीत लिया। रविवार को मिशन रोड ग्राउंड पर फाइनल खेला गया, जिसमें अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने 6 ओवर में 115/4 का स्कोर खड़ा किया था। अफगानिस्तान ने यह टारगेट 5.1 ओवर में पूरा कर लिया।
गुलबदीन नायब की कप्तानी में अफगानिस्तान इस नामी ट्रॉफी को जीतने वाला आठवां देश बन गया है। इससे पहले पाकिस्तान, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज यह खिताब अपने नाम कर चुके हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने तय 6 ओवर में 115/4 रन बनाए। मैक्स ब्रायंट ने सिर्फ 14 गेंदों में 44 रन की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा एलेक्स रयस ने नाबाद 29 रन और निक हॉब्सन ने 23 रन जोड़े। इन पारियों से ऑस्ट्रेलिया चुनौती भरे स्कोर तक पहुंचा। अफगानिस्तान की तरफ से करीम जनत और नांगेलिया खरोटे को एक एक विकेट मिला।
जवाब में अफगानिस्तान ने टारगेट का पीछा बड़े आराम से किया। टीम ने पांच गेंद बाकी रहते 119/2 के स्कोर पर जीत हासिल कर ली। इमरान मीर ने महज 14 गेंदों में नाबाद 53 रन कूटकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। उनकी इस पारी में 7 छक्के और 2 चौके शामिल थे। इसी पारी से अफगानिस्तान ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली।
इमरान के बाद फरमानुल्लाह सफी ने 7 गेंदों में 4 छक्कों के साथ नाबाद 26 रन बनाए। कप्तान गुलबदीन नायब ने भी चेज में अहम रोल निभाया। उन्होंने 6 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 17 रन जोड़े।
अफगानिस्तान का यह सफर ग्रुप A के पहले मैच से शुरू हुआ था। उस मैच में उसने साउथ अफ्रीका को 3 विकेट से हराया और 108 रन का टारगेट सफलता से चेज किया। इसके बाद ओमान के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज की। ओमान को 120 रन पर रोका गया था और अफगानिस्तान ने 5.23 ओवर में टारगेट पूरा कर लिया।
सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को 21 रन से हराया। अफगानिस्तान ने 121 रन बनाए और स्कॉटलैंड को 100 रन पर रोक दिया। इस तरह टीम फाइनल में पहुंची। खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराकर अफगानिस्तान ने टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ किया।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।