गुरूवार, 17 सितमबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
02:49 IST

एशिया कप महिला फाइनल: श्रीलंका के खिलाफ आठवीं ट्रॉफी के लिए उतरेगी टीम इंडिया

भारत और श्रीलंका के बीच आज महिला एशिया कप 2026 का फाइनल, दोनों टीमें अब तक अजेय

एशिया कप महिला फाइनल: श्रीलंका के खिलाफ आठवीं ट्रॉफी के लिए उतरेगी टीम इंडिया तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं

महिला एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। सबसे खास बात यह है कि इस पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमों में से किसी को भी अब तक हार का सामना नहीं करना पड़ा है। टीम इंडिया ने ग्रुप ए में टॉप पोजिशन हासिल की, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका की टीम पहले नंबर पर रही।

भारतीय टीम का प्रदर्शन गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार रहा है, लेकिन इस बार बॉलर्स ने कमाल का खेल दिखाया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली यह टीम आज फाइनल जीतकर पिछले एशिया कप की हार का बदला चुकाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

बल्लेबाजी की शुरुआत की जिम्मेदारी स्मृती मंधाना और शेफाली वर्मा के कंधों पर रहेगी। दोनों ओपनर इस समय बढ़िया फॉर्म में चल रही हैं। शेफाली ने टूर्नामेंट में दो अर्धशतक जड़े हैं, तो वहीं मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ शतक ठोका था। ऐसे में इन दोनों से एक अच्छी ओपनिंग पार्टनरशिप की उम्मीद रहेगी। हालांकि मिडिल ऑर्डर से अभी तक वैसा प्रदर्शन नहीं मिला है, कप्तान हरमनप्रीत कौर खुद भी अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाई हैं। इसीलिए प्रतीका रावल, ऋचा घोष और भारती फुलमाली से एक बड़ी पारी की दरकार रहेगी।

दीप्ती शर्मा के ऑलराउंड खेल ने ही टीम इंडिया को फाइनल तक का सफर तय करवाया है। हर मैच में दीप्ती ने अपनी घातक गेंदबाजी से विकेट निकाले हैं और साथ ही बैट से भी रन बनाए हैं। अब तक दीप्ती के नाम 11 विकेट दर्ज हैं। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों पर 13 रन बनाकर भारत को 150 रन के पार पहुंचाने में मदद की थी। दीप्ती का बेहतरीन साथ श्री चरणी और प्रेमा रावत ने दिया है, इन दोनों स्पिनरों ने भी अपनी गेंदबाजी से कमाल दिखाया है। इस तरह तीनों स्पिन गेंदबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाए रखा है।

ग्रुप स्टेज में भारत ने थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया था, तीनों ही मैचों में टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा। सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर टीम फाइनल में पहुंची। खास बात यह है कि पूरे टूर्नामेंट में भारत ने अब तक एक ही प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया है, इसलिए फाइनल में भी किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है। हरमनप्रीत कौर इन्हीं ग्यारह खिलाड़ियों के साथ खिताब जीतने की कोशिश करेंगी।

भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार रह सकती है, स्मृती मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ती शर्मा, प्रेमा रावत, क्रांति गौड़, श्री चरणी और नंदिनी शर्मा।

अभी कोई अपडेट नहीं

खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे