एक गलती से खराब हो सकता है स्मार्टफोन का चार्जिंग पोर्ट, जानें बचाव के तरीके
चार्जिंग पोर्ट ढीला होने के पीछे धूल-मिट्टी से लेकर खराब केबल तक कई वजहें हो सकती हैं, सफाई करते वक्त एक गलती नुकसान महंगा पड़ सकता है
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
आजकल कॉलिंग, मैसेजिंग, फोटोग्राफी, गेमिंग जैसी तमाम चीजें एक ही स्मार्टफोन से हो जाती हैं। यही वजह है कि यह डिवाइस लोगों के लिए ऑल इन वन गैजेट बन चुका है और दिनभर इसका इस्तेमाल अलग-अलग कामों के लिए होता रहता है। जितना ज्यादा फोन इस्तेमाल होता है, उतनी ही बार उसे चार्ज करने की जरूरत पड़ती है। बार-बार चार्ज करने की इस आदत की वजह से कई बार चार्जिंग पोर्ट ढीला हो जाता है। अगर आपके फोन का चार्जिंग पोर्ट भी ढीला हो गया है या केबल बार-बार पोर्ट से निकल जाती है, तो इस बात को हल्के में मत लीजिए, क्योंकि एक छोटी सी गलती भी भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
चार्जिंग पोर्ट ढीला होने की सबसे बड़ी वजह पोर्ट में धूल या गंदगी जमा हो जाना है। पोर्ट में अक्सर मिट्टी के कण या जेब के कपड़े के महीन धागे फंस जाते हैं, जिससे चार्जिंग केबल पोर्ट में पूरी तरह अंदर नहीं जा पाती और कनेक्शन कमजोर पड़ने लगता है। ऐसे में फोन में केबल लगाते वक्त फर्क महसूस होता है और चार्जिंग में भी दिक्कत आ सकती है। केबल पहले जितनी टाइट नहीं बैठती, जिस वजह से कई लोगों को लगता है कि पोर्ट ही ढीला हो गया है, जबकि असली समस्या पोर्ट के अंदर जमा गंदगी की होती है।
हर बार दिक्कत फोन के पोर्ट में ही हो, ऐसा जरूरी नहीं। अक्सर खराब, घिसी हुई या घटिया क्वालिटी की चार्जिंग केबल भी इस समस्या की जड़ हो सकती है। ऐसी केबल पोर्ट में ठीक से फिट नहीं बैठती, जिससे चार्जिंग बार-बार डिस्कनेक्ट होती रहती है। इसलिए यह मान लेने से पहले कि फोन का चार्जिंग पोर्ट खराब हो गया है, एक बार अच्छी क्वालिटी की चार्जिंग केबल इस्तेमाल करके देख लेनी चाहिए। अगर अच्छी केबल लगाने पर कोई दिक्कत न आए, तो इसका मतलब है कि पोर्ट में कोई खराबी नहीं थी।
रोजाना के इस्तेमाल से भी चार्जिंग पोर्ट पर कुछ हद तक असर पड़ने की आशंका रहती है। बार-बार केबल पोर्ट में लगाने से थोड़ी-थोड़ी टूट-फूट हो सकती है। लगातार केबल को कनेक्ट और डिस्कनेक्ट करने से पोर्ट के अंदर लगा कनेक्टर धीरे-धीरे घिसने लगता है। इसके अलावा केबल को जोर से लगाना या टेढ़े-मेढ़े तरीके से निकालना जैसी आदतों से भी पोर्ट पूरी तरह खराब हो सकता है। यह समस्या आमतौर पर पुराने स्मार्टफोन में ज्यादा देखने को मिलती है, खासकर तब जब कोई फोन कई सालों से इस्तेमाल हो रहा हो।
अगर पोर्ट में धूल या मिट्टी जमा हो गई है, तो सफाई करते वक्त पूरी सावधानी बरतना जरूरी है। स्मार्टफोन का चार्जिंग पोर्ट साफ करने के लिए सुई, पिन या किसी और नुकीली चीज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, ऐसा करने से नुकसान हो सकता है। पिन, सुई या नुकीली चीज के इस्तेमाल से शॉर्ट-सर्किट होने का खतरा भी बना रहता है।