एक ईयरबड में आवाज कम आ रही है? नया खरीदने से पहले ये आसान उपाय आजमाएं
ईयरबड्स में एक तरफ की आवाज कम हो जाए तो डिवाइस खराब नहीं होता। सफाई और फोन की सेटिंग से घर पर ही ठीक हो सकता है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
स्मार्टफोन की तरह ईयरबड्स भी आज हर किसी के लिए जरूरी गैजेट बन चुके हैं। लोग इनसे गाने सुनते हैं, फिल्म देखते हैं और कॉल पर बात भी करते हैं। वायरलेस ईयरबड्स का क्रेज इन दिनों काफी ज्यादा है, क्योंकि ये आकार में छोटे और वजन में हल्के होते हैं और इस्तेमाल करना भी आसान है। इसीलिए ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों से लेकर कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट्स तक, बहुत सारे लोग इन्हें लगाते हैं।
कभी-कभी ईयरबड्स इस्तेमाल करते वक्त दिक्कतें आ सकती हैं। सबसे आम दिक्कत यह है कि एक ईयरबड से आवाज कम आती है। ऐसे में गाने सुनने या फिल्म देखने का मजा पूरी तरह बिगड़ जाता है। कई यूजर्स इसी वजह से नए ईयरबड्स खरीदने की सोचने लगते हैं। लेकिन इसकी कोई जरूरत नहीं होती। एक ईयरबड में आवाज कम आने का मतलब यह नहीं कि डिवाइस पूरी तरह खराब हो गया है। वजह सेटिंग की गड़बड़ी या ईयरबड्स में जमी धूल हो सकती है। यह समस्या आप घर बैठे आसानी से सुलझा सकते हैं।
पहला कदम यह देखना है कि दिक्कत ईयरबड्स में है या आपके फोन में। अगर आपके फोन से जुड़ने पर आवाज कम आ रही है, तो ईयरबड्स को किसी दूसरे फोन से कनेक्ट करके गाने सुनें। अगर वहां ईयरबड्स ठीक चल रहे हैं, तो समस्या आपके फोन में हो सकती है।
लेकिन दूसरे फोन से जोड़ने पर भी आवाज कम ही आए, तो सबसे पहले स्पीकर की जाली पर जमी धूल साफ करें। लगातार इस्तेमाल से जाली पर धूल जमा हो जाती है और इसी वजह से आवाज कम आती है। सूखे मुलायम कपड़े, हल्के ब्रश या कॉटन बड से जाली को धीरे-धीरे साफ करें। इसके लिए किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
दूसरी चीज है सही सिलिकॉन टिप। ईयरबड्स पर लगी रबर की सिलिकॉन टिप कई बार कान में ठीक से फिट नहीं बैठती। इस वजह से ईयरबड्स लगाने के बाद भी बाहर की आवाज काफी सुनाई देती है और गाने या फिल्म का अनुभव खराब हो जाता है। ऐसे में ईयरबड्स के साथ मिलने वाली दूसरी सिलिकॉन टिप लगाकर देखें कि कौन सी कान में सही फिट होती है।
तीसरी वजह फोन की लेफ्ट-राइट ऑडियो बैलेंस सेटिंग हो सकती है। अगर ऑडियो बैलेंस का स्लाइडर गलती से एक तरफ खिसक गया हो, तो ईयरबड्स की आवाज अपने आप बदल सकती है। इसे ठीक करने के लिए फोन की सेटिंग में एक्सेसिबिलिटी और हियरिंग सेक्शन में जाएं। वहां ऑडियो एडजस्टमेंट या ऑडियो बैलेंस के स्लाइडर को बीच में सेट करें और मोनो ऑडियो का टॉगल भी चेक कर लें।
तो नए ईयरबड्स खरीदने से पहले ये आसान उपाय जरूर आजमा लें। हो सकता है कि बिना कोई पैसा खर्च किए आपकी समस्या सुलझ जाए।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।