ईडन पार्क की पिच पर चौथा टी20: बल्लेबाज़ों की मौज या गेंदबाज़ों का दबदबा?
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज़ में अब तक तीन मैच खेले जा चुके हैं। तीनों मैच भारतीय टीम ने जीते हैं और इस तरह सीरीज़ उसके नाम हो चुकी है। अब दोनों टीमें शुक्रवार को चौथे टी20 इंटरनेशनल में आमने-सामने होंगी। यह मैच ऑकलंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।
शुरुआती तीन हार के बाद न्यूज़ीलैंड की कोशिश अपने घर में जीत हासिल करके अपनी साख वापस पाने की होगी। दूसरी तरफ सीरीज़ में मज़बूत बढ़त बना चुकी भारतीय टीम बिना किसी दबाव के मैदान में उतरेगी। अब सवाल यह है कि ईडन पार्क की पिच बल्लेबाज़ों के काम आएगी या गेंदबाज़ अपना दबदबा बनाएंगे।
ऑकलंड का ईडन पार्क अपनी खास बनावट और ड्रॉप-इन पिच के लिए जाना जाता है। इस मैदान की सबसे बड़ी खासियत इसकी छोटी बाउंड्री है। स्क्वायर की तरफ बाउंड्री करीब 65 मीटर है, जबकि दाईं तरफ की बाउंड्री करीब 55 मीटर ही है। इतनी कम दूरी की वजह से बल्लेबाज़ों के लिए बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है। अगर बल्लेबाज़ पिच पर टिक गए, तो चौकों और छक्कों की बारिश हो सकती है।
फिर भी, शुरुआत में तेज़ गेंदबाज़ों को थोड़ी मदद मिलने की उम्मीद है। नई गेंद को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकता है, खासकर बादल छाए हों तो। ऐसे मौसम में तेज़ गेंदबाज़ों को और फायदा हो सकता है। इसलिए बल्लेबाज़ों को शुरुआती ओवरों में संभलकर खेलना पड़ेगा। एक बार गेंद पुरानी हो जाए और बल्लेबाज़ सेट हो जाएं, तो रन बनाना आसान हो जाएगा। पिच पर अच्छा बाउंस भी मिलता है। कुल मिलाकर ईडन पार्क पर हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।
अब बात मैच के वक्त की। चौथा टी20 भारतीय समय के हिसाब से दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। मैच से आधा घंटा पहले, यानी दोपहर 12:00 बजे, दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान में उतरेंगे।
मैच का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। भारतीय फैंस इसे सोनी स्पोर्ट्स चैनल पर टीवी पर लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच यह चौथा टी20 डीडी स्पोर्ट्स पर मुफ्त में भी देखा जा सकेगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।