BYD की नई सेडान दा हान ईवी चीन में लॉन्च, 9 मिनट की चार्जिंग में 1008 किमी रेंज का दावा
चीन की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी BYD ने अपनी नई फ्लैगशिप सेडान दा हान ईवी चीन में लॉन्च की है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी बीवायडी (BYD) ने अपनी नई फ्लैगशिप सेडान कार 'दा हान ईवी' (Da Han EV) चीन में अधिकृत तौर पर लॉन्च कर दी है। अपने लुक और फीचर्स की वजह से यह कार इस वक्त ऑटोमोबाइल की दुनिया में चर्चा में है।
इस कार की सबसे बड़ी खासियत उसकी रेंज है। बेस मॉडल एक बार चार्ज करने पर 1008 किलोमीटर (CLTC) की रिकॉर्ड रेंज देता है। परफॉर्मेंस में भी कार दमदार है। इसका सिंगल-मोटर (RWD) वर्जन 496 hp पावर पैदा करता है और सिर्फ 4.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेता है। वहीं ताकतवर डुअल-मोटर (AWD) वर्जन 764 hp पावर और 910 Nm टॉर्क के साथ 3.3 सेकंड में ही 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंच जाता है।
कार में कंपनी की एडवांस्ड फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी दी गई है। इसकी मदद से बैटरी सिर्फ 9 मिनट में 10 प्रतिशत से 97 प्रतिशत तक फुल चार्ज हो सकती है। सुरक्षा के लिए इसमें 'God's Eye 5.0' ड्राइविंग सिस्टम और 'DiSus-A' डुअल-चेंबर एयर सस्पेंशन मिलता है।
डिजाइन की बात करें तो कार के आगे के हिस्से में 2.41 मीटर लंबी इंटीग्रेटेड DRL लाइट स्ट्रिप लगी है, जिसमें 249 LED बीड्स हैं। इसका एयरोडायनामिक डिजाइन 0.197 का ड्रैग कोएफिशिएंट (drag coefficient) देता है।
यह एक बड़ी लग्जरी इलेक्ट्रिक सेडान है। इसकी लंबाई 5256 मिमी, चौड़ाई 1999 मिमी, ऊंचाई 1510 मिमी और व्हीलबेस 3130 मिमी है। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर रियर-व्हील स्टीयरिंग दिया गया है, जिसकी वजह से इतनी बड़ी सेडान का टर्निंग रेडियस सिर्फ 4.95 मीटर रहता है।
केबिन में 40 इंच का AR-HUD, 17.3 इंच की सेंट्रल स्क्रीन और 31 स्पीकर्स वाला डेव्हिलेट (Devialet) साउंड सिस्टम दिया गया है। चीन में इस सेडान की शुरुआती कीमत 2,35,900 युआन रखी गई है, जो अंदाजे से 29.5 लाख रुपये बताई गई है।