बस से शराब की तस्करी करनेवाले गिरफ्तार
चंद्रपुर जा रहा था माल, दो आरोपी गिरफ्तार
नागपुर.
गणेशपेठ बस स्टैंड पर पुलिस ने शराब तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है. मध्य प्रदेश के सिवनी से बस में शराब लेकर आ रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करके 54 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है. आरोपी रमेश चंद्र बाबूलाल जैन और अविनाश भास्कर मिश्रा है. गणेशपेठ पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान मध्य प्रदेश के सिवनी से बस के जरिए दो आरोपी शराब लेकर गणेशपेठ बस स्टैंड पहुंचने का पता चला. दोनों के पास चार बैग थे. वह ऑटो पकड़कर चंद्रपुर रवाना होने की फिराक में थे. इसी दौरान पुलिस की नजर दोनों की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी. पुलिस ने तत्काल दोनों को रोककर पूछताछ की, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिले. उनके पास चार बैग थी जिनकी तलाशी लेने पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में निर्मित शराब रखी थी. पुलिस ने करीब 54 हजार रुपये की शराब जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. रमेश जैन के खिलाफ पहले से धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. पुलिस शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे चंद्रपुर में किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं इसकी जांच की जा रही है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।