अफगानिस्तान के कंधार में ट्रक और बस की टक्कर, पांच की मौत, 15 घायल
कंधार के दमन जिले में गुरुवार सुबह ट्रक और बस आमने-सामने टकराए।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अफगानिस्तान के दक्षिणी प्रांत कंधार में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। प्रांतीय ट्रैफिक पुलिस निदेशक मोहम्मद ताहिर के मुताबिक यह हादसा गुरुवार सुबह दमन जिले में हुआ, जहां एक ट्रक सामने से आ रही बस से जा टकराया।
वाहनों की आमने-सामने की इस टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से कुछ की हालत चिंताजनक बताई गई है।
इससे पहले 23 सितंबर को भी अफगानिस्तान के उत्तरी तखार प्रांत में एक सड़क हादसे में 8 यात्रियों की जान चली गई थी और 4 लोग घायल हुए थे। तखार पुलिस के प्रवक्ता नकीबुल्लाह मसूर ने बताया कि कलाफगान जिले के गजेस्तान इलाके में एक गाड़ी सड़क पर फिसलकर पलट गई। इसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार घायल हुए। घायलों को तखार प्रांत के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।
22 सितंबर को पूर्वी अफगानिस्तान के लगमान प्रांत में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। वहां एक मिनी बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक यात्री की मौत हो गई और 9 लोग घायल हुए। वहां के पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस यूसुफजई ने कहा कि यह हादसा मंगलवार सुबह पदपाख जिले में हुआ था। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को फौरन प्रांतीय राजधानी मेहतरलाम के अस्पताल में भर्ती कराया।
20 सितंबर को पूर्वी अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में एक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस प्रवक्ता सैयद तैयब हमद की जानकारी के मुताबिक बाटी कोट जिले में तेज रफ्तार गाड़ी के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाई और वह सड़क किनारे के पेड़ से जा टकराई। गाड़ी में सवार बाकी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल है।
लगातार हो रहे इन सड़क हादसों से अफगानिस्तान में सड़क सुरक्षा, रफ्तार की सीमा और लापरवाही से गाड़ी चलाने जैसे मुद्दे एक बार फिर सामने आ गए हैं।