96 साल की उम्र में वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से लिया संन्यास
शेयर बाजार की दुनिया से एक बहुत बड़ी खबर आई है। दुनिया के सबसे दिग्गज निवेशक और शेयर बाजार के 'बिग बुल' के नाम से मशहूर वॉरेन बफेट ने आखिरकार 96 साल की उम्र में रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। वो दुनिया के सबसे मशहूर निवेशक तो हैं ही, अब वो बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से भी हट रहे हैं।
बफेट 1965 से इस 1 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी की कमान संभाल रहे थे। 96 साल के इस दिग्गज निवेशक ने 18 सितंबर को शेयरहोल्डर्स को लिखी चिट्ठी में अपने इस फैसले की जानकारी दी। कंपनी की तरफ से एक अलग बयान में बताया गया कि बफेट तुरंत प्रभाव से चेयरमैन एमेरिटस बन जाएंगे, लेकिन वो बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में डायरेक्टर के तौर पर बने रहेंगे।
बर्कशायर हैथवे ने साफ किया है कि लंबे समय से चली आ रही उत्तराधिकार योजना के तहत उनके बेटे हॉवर्ड बफेट अब चेयरमैन की कुर्सी संभालेंगे। वहीं सुसान डेकर लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के पद पर बनी रहेंगी।
बर्कशायर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की तरफ से बोलते हुए कंपनी के सीईओ ग्रेग एबेल ने कहा, "बर्कशायर और इसके मालिकों पर वॉरेन का असर अमेरिकी बिजनेस के इतिहास में बेमिसाल है। वॉरेन बफेट ने जो कल्चर और वैल्यूज बनाए हैं, वो बर्कशायर के केंद्र में बने रहेंगे और हॉवर्ड उनके रखवाले होंगे। हॉवर्ड अपनी नई भूमिका में बर्कशायर के लिए जो केयर, अनुशासन और गहरी समझ लेकर आ रहे हैं, उसके लिए हम उनके शुक्रगुजार हैं, और लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर लगातार नेतृत्व और अहम योगदान के लिए हम स्यू डेकर के भी आभारी हैं।"
कंपनी के बयान में आगे कहा गया है, "चेयरमैन एमेरिटस के तौर पर, मिस्टर बफेट बोर्ड के मेंबर बने रहेंगे और अपनी कीमती राय और नजरिया आगे भी रखते रहेंगे।" पिछले साल ही बफेट ने सीईओ पद से हटने का ऐलान किया था।
61 साल के अपने लंबे करियर में वॉरेन बफेट ने शेयर बाजार से करीब 96 लाख करोड़ रुपये की जबरदस्त दौलत बनाई है। उनका यह 6 दशकों का सफर निवेश की दुनिया में एक मिसाल माना जाता है।