देवास के मक्सी बायपास पर पाम आइल का टैंकर पलटा, डिब्बे लेकर पहुंचे लोग
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
गांधीधाम से सिया जा रहा टैंकर मंगलवार सुबह बाइक सवार को बचाने में पलट गया। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, ज्यादातर तेल नाले में बह गया।
देवास शहर के बाहर मक्सी बायपास पर मंगलवार सुबह पाम आइल से भरा एक टैंकर पलट गया। टैंकर गुजरात के गांधीधाम से तेल लेकर देवास के पास सिया के औद्योगिक क्षेत्र जा रहा था। उसका नंबर जीजे 39 टीए 7418 है।
ड्राइवर नंद सिंह राठौड़ राजस्थान के अजमेर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बायपास पर अचानक तेज रफ्तार से एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में टैंकर बेकाबू हो गया और पलट गया।
राठौड़ के मुताबिक टैंकर को देवास से करीब सात-आठ किमी दूर पारले कंपनी में खाली करना था। गनीमत रही कि हादसे में ड्राइवर या किसी और को गंभीर चोट नहीं आई।
चालक के अनुसार टैंकर में 40 हजार लीटर से ज्यादा पाम आइल भरा था। इसमें से ज्यादातर बह गया। पास में एक नाला है और अधिकांश तेल उसी में चला गया।
टैंकर पलटने की खबर मिलते ही कई लोग डिब्बे लेकर तेल भरने के लिए मौके पर पहुंच गए। राठौड़ ने बताया कि 15-20 लोग डिब्बे लेकर आए थे। उनका कहना है कि वे एक-दो को हटाते थे तो दूसरे आ जाते थे।
जिस जगह टैंकर पलटा, वहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कुछ साल पहले यहां टायर और कपड़ों से भरे ट्रकों में आग भी लग चुकी है।
दोपहर तक पुलिस को इस हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी थी। दोपहर करीब पौने दो बजे कुछ लोगों ने मौके से मोबाइल फोन पर यातायात टीआई पवन कुमार बागड़ी से बात की और उन्हें बताया। इसके बाद बागड़ी ने कहा कि टीम को मौके पर भिजवाते हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।