गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

खिलचीपुर में शिक्षक से 42 लाख की ठगी, ओडिशा के बरगढ़ से छठा आरोपी गिरफ्तार

जुर्म PT24 अपराध डेस्क

शेयर मार्केट में मुनाफे का भरोसा दिलाकर शिक्षक से करीब 42 लाख रुपये 17 खातों में जमा कराए गए। पुलिस अब तक छह आरोपी पकड़ चुकी है और करीब 30 लाख रुपये वापस मिल गए हैं।

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में एक शिक्षक के साथ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करीब 42 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। इस मामले में पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत ने मंगलवार को बताया कि मामला पिछले साल नवंबर और दिसंबर का है। हालाहेड़ी के रहने वाले रामप्रसाद दांगी शिक्षक हैं। उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश करने के मैसेज आए थे।

आरोपियों ने अलग-अलग योजनाओं में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। उनकी बातों में आकर शिक्षक ने कई किस्तों में करीब 42 लाख रुपये 17 बैंक खातों में जमा कर दिए। बाद में उन्हें पता चला कि निवेश की पूरी प्रक्रिया फर्जी थी और उनके साथ साइबर ठगी हुई है।

पुलिस ने उन बैंक खातों की जांच की, जिनमें ठगी की रकम पहुंची थी। इसी जांच में ओडिशा के बरगढ़ जिले के रहने वाले विनोद महाकौर की भूमिका सामने आई। वह गोपाल महाकौर का बेटा है। पुलिस टीम ने उसे ओडिशा से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर राजगढ़ लाई।

शिक्षक से ठगी गई रकम में से 1 लाख 31 हजार रुपये इस आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। पुलिस ने यह पूरी राशि जब्त कर ली और आरोपी को अदालत में पेश किया।

थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने गुजरात, राजस्थान के उदयपुर और बिहार के पटना में भी कार्रवाई की है। अब तक करीब 30 लाख रुपये वापस मिल चुके हैं, जबकि करीब 12 लाख रुपये की वसूली बाकी है।

यह बाकी रकम पांच से छह दूसरे बैंक खातों में गई थी। इन खातों से जुड़े आरोपियों की तलाश में पुलिस की एक टीम दिल्ली में भी जांच कर रही है। पुलिस बची हुई रकम वापस हासिल करने और दूसरे आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश में लगी है।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन