इंदौर में रैपिडो ड्राइवर पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, भाई को थप्पड़ मारा, एफआईआर दर्ज
इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में रैपिडो से घर लौट रही 13 साल की छात्रा से ड्राइवर पर छेड़छाड़ का आरोप है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई है।
इंदौर के विजय नगर इलाके में रैपिडो ड्राइवर पर एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और उसके छोटे भाई के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने सोमवार रात ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम भी बनाई गई है।
घटना सोमवार शाम की है। विजय नगर पुलिस के मुताबिक पीड़ित छात्रा 13 साल की है और स्कूल में पढ़ती है। उसका भाई भी उसी स्कूल में पढ़ता है। दोनों बच्चे अक्सर दादी के घर रुकते हैं और फिर परिवार के किसी सदस्य के साथ अपने घर लौटते हैं। सोमवार को परिवार के लोग व्यस्त थे, इसलिए दादी ने दोनों के लिए रैपिडो पर एक्टिवा बुक कर दी।
कुछ देर बाद सफेद रंग की एक्टिवा लेकर एक युवक वहां पहुंचा। पहले छात्रा का भाई पीछे की सीट पर बैठा, फिर छात्रा बैठी। दोनों ने अपने बैग पैरों पर रख लिए थे। कुछ दूर चलने के बाद ड्राइवर ने कहा कि बैग की वजह से उसे एक्टिवा चलाने में दिक्कत हो रही है। उसने बैग आगे रखने और छात्रा को आगे बैठने को कहा। छात्रा ने उसकी बात मान ली।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद आरोपी ड्राइवर ने छात्रा के पैरों को गलत तरीके से छुआ। आरोप है कि उसने चलती एक्टिवा पर खड़े होकर छात्रा के ऊपर बैठने की कोशिश भी की। छात्रा पीछे खिसकी तो ड्राइवर ने कहा कि गाड़ी ज्यादा न हिलाएं, वरना वे गिर जाएंगे।
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने विरोध किया और रास्ते में ही एक्टिवा रुकवा दी। इसी दौरान उसके भाई ने ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की। इस पर ड्राइवर ने भाई को थप्पड़ मार दिया और दोनों बच्चों को रास्ते में छोड़कर मौके से भाग गया।
घर पहुंचकर दोनों बच्चों ने माता-पिता को पूरी बात बताई। रात में छात्रा माता-पिता के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है, उसे पकड़ने के लिए टीम बनाई गई है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।