गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर के एमटीएच अस्पताल में प्रसव के दौरान लापरवाही का आरोप, डेढ़ साल से बीमार है बच्ची

अस्पताल के बाहर लोग आते जाते हैं, मोटरसाइकिलें खड़ी हैं, धूप का समय है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

परिवार का आरोप है कि प्रसव में डॉक्टरों की लापरवाही से नवजात दिविषा के दिमाग को गंभीर नुकसान पहुंचा। बाल अधिकार आयोग के निर्देश पर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

इंदौर के महाराजा तुकोजीराव होलकर महिला चिकित्सालय, यानी एमटीएच अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रसव कराने वाले डॉक्टरों और अस्पताल के दूसरे स्टाफ की लापरवाही से बच्ची के दिमाग को गंभीर नुकसान पहुंचा। इससे उसका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हुआ है।

परिवार ने सीएम हेल्पलाइन से लेकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक शिकायत की, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। वे अलग-अलग मंचों पर "जस्टिस फॉर दिविषा" नाम से अभियान चला रहे हैं। इस अभियान को अब तक एक करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।

मामला मांगलिया के गांव गारी पिपलिया के रहने वाले दिनेश मंगरोलिया का है। उनकी पत्नी पूजा मंगरोलिया को 19 मई 2025 को प्रसव के लिए एमटीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का आरोप है कि 14-15 घंटे तक प्रसव पीड़ा चलती रही। इस दौरान मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने ऑपरेशन करने की उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया। प्रसव के दौरान वैक्यूम एक्सट्रैक्टर का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया।

परिवार के मुताबिक इससे नवजात दिविषा, जिसे शर्लिन भी कहा जाता है, को जन्म के समय ऑक्सीजन की भारी कमी हो गई और उसके दिमाग को गंभीर चोट पहुंची। स्वजन के अनुसार बच्ची एचआईई ग्रेड-2 और इनसेफ्लोमाल्सिया जैसी गंभीर दिमागी बीमारियों से जूझ रही है। अभी उसे लगातार दौरे पड़ते हैं और शरीर में अकड़न की गंभीर समस्या बनी हुई है।

दिनेश मंगरोलिया ने इस घटना की शिकायत सीएम हेल्पलाइन और 104 पर की थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने नई दिल्ली में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग में शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने मामले का संज्ञान लिया और इंदौर कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय ने भी सीएमएचओ कार्यालय को पूरी जांच रिपोर्ट भेजने को कहा है।

कलेक्टर कार्यालय का पत्र मिलने के बाद सीएमएचओ कार्यालय ने आठ अक्टूबर को डीन कार्यालय को पत्र लिखा। इसमें बच्ची को एचआईई और दिमागी नुकसान होने के मामले में सही जांच कराने और इलाज में मदद देने के बारे में जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने कहा, "सीएमएचओ कार्यालय से जांच रिपोर्ट मांगने को लेकर कोई पत्र आया है, यह मेरी जानकारी में नहीं है। पत्र मिलते ही जरूरी कार्रवाई करके जल्द से जल्द हमारी ओर से जांच रिपोर्ट दी जाएगी।"

मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हासानी ने कहा, "इस मामले में डीन कार्यालय को पत्र लिखकर जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट देने को कहा है। हम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं।"

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन