उज्जैन में 10 लाख की एमडी ड्रग्स केस में चार और आरोपी गिरफ्तार, पांचों जेल भेजे गए
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
स्कूटी की डिक्की में एमडी ड्रग्स मिलने के मामले में पूछताछ में आए नामों पर पुलिस ने इंदौर और उज्जैन के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। महिला समेत पांचों को जेल भेजा गया।
उज्जैन में स्कूटी की डिक्की में 10 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स ले जा रही 60 साल की महिला से पूछताछ के बाद पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला से पूछताछ में इंदौर और उज्जैन के कुछ लोगों के नाम सामने आए थे।
घट्टिया थाना क्षेत्र की पानबिहार चौकी की पुलिस ने शनिवार को इन चारों को पकड़ा। मुख्य आरोपी महिला नजमा का दो दिन का पुलिस रिमांड भी शनिवार को खत्म हो गया। इसके बाद महिला समेत पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। शनिवार शाम करीब 4 बजे सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात गरोठ हाईवे के पास पानबिहार-बच्चूखेड़ा रोड पर वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार नजमा को रोका गया। वह शब्बीर खान की पत्नी है और उज्जैन के आगर नाका की रहने वाली है। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने नजमा का दो दिन का रिमांड लिया था। इस दौरान उससे ड्रग्स की सप्लाई और उससे जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, महिला ने इस अवैध कारोबार से जुड़े चार और लोगों के नाम बताए। इन्हीं नामों के आधार पर शनिवार को पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में इस्माईल उर्फ गुड्डू, जुनैद उर्फ जून्नू और अब्दुल रऊफ शामिल हैं। ये तीनों इंदौर के खजराना के रहने वाले हैं। चौथा आरोपी इश्तियाक है, जो उज्जैन में तोपखाना की खैराती मस्जिद के पास का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के पास से कोई मादक पदार्थ नहीं मिला है। फिर भी नजमा से पूछताछ में सामने आए तथ्यों और कथित नेटवर्क में उनकी भूमिका के आधार पर उन्हें एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बाकी लोगों और ड्रग्स की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।