XLRI के सभी छात्रों को समर इंटर्नशिप, सबसे ज्यादा स्टायपेंड 3.50 लाख रुपये महीना
XLRI-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की 2026-28 बैच के सभी छात्रों को समर इंटर्नशिप मिली है। 106 कंपनियों ने प्लेसमेंट में हिस्सा लिया।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मैनेजमेंट की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अच्छी इंटर्नशिप मिलना करियर की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाता है। पढ़ाई के दौरान ही हर महीने लाखों रुपये का स्टायपेंड मिलने लगे, तो यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं। XLRI-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (XLRI-Xavier School of Management) के छात्रों ने ऐसा ही शानदार प्रदर्शन किया है। इस इंस्टीट्यूट की 2026-28 बैच के सभी छात्रों को समर इंटर्नशिप मिल गई है।
XLRI ने अपने जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर कैंपस में पीजीडीएम बिजनेस मैनेजमेंट और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट कोर्स की 2026-28 बैच के लिए समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसमें कुल 587 छात्रों ने हिस्सा लिया और उन्हें 594 इंटर्नशिप ऑफर मिले। इस तरह इंस्टीट्यूट ने 100 फीसदी प्लेसमेंट का रिकॉर्ड बनाया है। यानी इंटर्नशिप में शामिल हर छात्र को मौका मिला।
इस बार की प्रक्रिया में देश और विदेश की 106 कंपनियां शामिल हुईं। इनमें 32 कंपनियां ऐसी थीं जिन्होंने पहली बार इंस्टीट्यूट के छात्रों को इंटर्नशिप का ऑफर दिया। सबसे ज्यादा मासिक स्टायपेंड 3.50 लाख रुपये रहा, जबकि छात्रों को मिलने वाला औसत मासिक स्टायपेंड 1.75 लाख रुपये दर्ज हुआ। औसत मध्यमान स्टायपेंड 1.80 लाख रुपये रहा।
इंस्टीट्यूट के टॉप 10 फीसदी छात्रों को हर महीने औसतन 2.58 लाख रुपये का स्टायपेंड मिला। टॉप 25 फीसदी छात्रों का औसत मासिक स्टायपेंड 2.38 लाख रुपये था। इन आंकड़ों से साफ है कि मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान ही छात्रों को बड़ी कंपनियों के साथ काम करने और अच्छी कमाई करने का मौका मिल रहा है।
इस साल की इंटर्नशिप प्रक्रिया में कंसल्टिंग सेक्टर सबसे आगे रहा। कुल ऑफर में से 30 फीसदी इसी क्षेत्र से आए। इसमें Accenture, Bain & Company, Boston Consulting Group, Deloitte और PwC जैसी बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद FMCG, रिटेल और कंज्यूमर गुड्स सेक्टर रहा, जिसका कुल ऑफर में 21 फीसदी हिस्सा था। हिंदुस्तान यूनिलीवर, ITC, Procter & Gamble, Nestlé और Coca-Cola जैसी कंपनियों ने छात्रों को मार्केटिंग और सप्लाई चेन मैनेजमेंट से जुड़े कामों के लिए चुना।
टेक्नोलॉजी, ई-कॉमर्स और मीडिया क्षेत्र का कुल ऑफर में 19 फीसदी हिस्सा रहा। इसमें Amazon, Google, Flipkart और Swiggy जैसी कंपनियां शामिल थीं। इनके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर की कंपनियों ने भी छात्रों को इंटर्नशिप के मौके दिए। आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाटा स्टील, जेपी मॉर्गन चेज और ICICI Bank जैसी कंपनियां भी प्रक्रिया में शामिल रहीं। अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों के आने से छात्रों को अपनी पसंद और करियर के लक्ष्य के हिसाब से मौका चुनने की गुंजाइश मिली।
XLRI के डायरेक्टर फादर सेबेस्टियन जॉर्ज ने छात्रों की इस कामयाबी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इंस्टीट्यूट ने एक बार फिर 100 फीसदी प्लेसमेंट का रिकॉर्ड बरकरार रखा है। इसके पीछे छात्रों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और इंस्टीट्यूट पर कंपनियों का भरोसा अहम रहा है।
नए रिक्रूटर्स का स्वागत करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि इस इंटर्नशिप से छात्रों को अच्छी स्किल्स सीखने और आगे चलकर जिम्मेदार लीडर बनने में मदद मिलेगी। इस साल के नतीजे मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए बेहतर मौके दिखाते हैं। साथ ही बड़ी कंपनियों के शामिल होने से छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही असली काम का अनुभव मिल रहा है।