व्हाट्सऐप के इवेंट की लिंक अब बिना अकाउंट वालों को भी भेज सकेंगे
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
व्हाट्सऐप ने अपने इवेंट फीचर में कई अपग्रेड का ऐलान किया है। आने वाले कुछ हफ्तों में ये सबके लिए रोलआउट होंगे।
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप अपने इवेंट फीचर को और बेहतर बना रहा है। नए अपडेट के बाद यूजर्स इवेंट की लिंक उन लोगों को भी भेज सकेंगे, जिनका व्हाट्सऐप अकाउंट ही नहीं है। कंपनी ने यह ऐलान एक ब्लॉग पोस्ट में किया है।
इस फीचर का सफर मई 2024 में शुरू हुआ था। तब व्हाट्सऐप ने कम्युनिटीज के लिए इवेंट बनाने और मेंबर्स को न्योता भेजने की सुविधा पेश की थी। उसके बाद यही फीचर ग्रुप चैट के लिए भी लाया गया। ग्रुप में बाकी यूजर्स को यह बताने का ऑप्शन मिला कि वे इवेंट में आ सकते हैं या नहीं। अब कंपनी ने इस फीचर को और आगे ले जाने का फैसला किया है।
कंपनी ने ब्लॉग पोस्ट में बताया है कि इवेंट फीचर के लिए कई अपग्रेड रोलआउट किए जा रहे हैं। ये नए फीचर आने वाले कुछ हफ्तों में सबके लिए उपलब्ध हो जाएंगे। सबसे बड़ा बदलाव यही है कि यूजर्स अब ऐसे लोगों के साथ भी इवेंट की लिंक शेयर कर पाएंगे, जिनके पास व्हाट्सऐप अकाउंट नहीं है। यह कुछ हद तक व्हाट्सऐप के गेस्ट कॉल फंक्शनैलिटी जैसा है।
यूजर्स इवेंट बना सकते हैं और उसके लिए कवर फोटो भी जोड़ सकते हैं। इसके बाद इवेंट की लिंक सीधे दूसरे लोगों को भेजी जा सकती है। RSVP स्टेटस से यूजर को पता चल जाएगा कि जिसे न्योता दिया गया, वह इवेंट में आएगा या नहीं। जिन्हें बुलाया गया है, उन्हें अपनी हाजिरी (RSVP) बताने के लिए ऐप डाउनलोड करने या व्हाट्सऐप अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी।
इसके अलावा व्हाट्सऐप ने एक नया 'इवेंट्स होम' भी पेश किया है, जो एक सेंट्रलाइज्ड हब की तरह काम करता है। कंपनी इसे यूजर्स के लिए 'वन-स्टॉप' सॉल्यूशन बता रही है। इसके जरिए वे दूसरों को भेजने के लिए कस्टमाइज्ड इनविटेशन तैयार कर सकते हैं।
इवेंट्स होम में RSVPs मैनेज करने की सुविधा भी मिलती है। यूजर्स कस्टम रिमाइंडर सेट कर सकते हैं और एक प्लस-वन भी जोड़ सकते हैं। व्हाट्सऐप के सेटिंग पेज में जाकर इवेंट का ऑप्शन चुनने पर पुराने और आने वाले, दोनों तरह के इवेंट्स की जानकारी दिखेगी। इस लिस्ट में यूजर्स के खुद बनाए इवेंट्स के साथ वे इवेंट्स भी होंगे, जिनके लिए उन्हें बुलाया गया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।