व्हॉट्सऐप कॉल बार-बार कट रहा है? आवाज में आ रही दिक्कत तो अपनाएं ये आसान तरीके
व्हॉट्सऐप कॉलिंग करते वक्त बार-बार आवाज टूटना या कॉल डिस्कनेक्ट होना अब आम समस्या बन गई है। इंटरनेट, ऐप का पुराना वर्जन, माइक्रोफोन या ब्लूटूथ कनेक्शन की गड़बड़ी इसकी वजह हो सकती है।
व्हॉट्सऐप आजकल सिर्फ चैटिंग के लिए नहीं, बल्कि वीडियो कॉल और वॉइस कॉल के लिए भी खूब इस्तेमाल होता है। लेकिन कई बार कॉल करते वक्त सामने वाले की आवाज साफ सुनाई नहीं देती और बातचीत में बार-बार रुकावट आती रहती है। ऐसे में जरूरी नहीं कि गड़बड़ी सिर्फ फोन में ही हो, इंटरनेट कनेक्शन, ऐप की सेटिंग या माइक्रोफोन की खराबी की वजह से भी कॉलिंग में दिक्कत आ सकती है। अगर आपको भी व्हॉट्सऐप कॉल करते वक्त लगातार ऐसी परेशानी झेलनी पड़ रही है, तो कुछ आसान तरीके अपनाकर इसे ठीक किया जा सकता है।
सबसे पहले इंटरनेट कनेक्शन चेक करें। व्हॉट्सऐप कॉल की क्वालिटी सबसे ज्यादा इंटरनेट कनेक्शन पर ही निर्भर करती है। अगर फोन का वाईफाई कमजोर है या मोबाइल डेटा ठीक से काम नहीं कर रहा, तो कॉल की आवाज खराब हो सकती है। ऐसे में एक बार इंटरनेट बंद करके फिर से चालू करें। जरूरत पड़े तो मोबाइल डेटा से वाईफाई पर या वाईफाई से मोबाइल डेटा पर स्विच करके दोबारा कॉल करने की कोशिश करें।
दूसरा तरीका है ऐप को अपडेट करना। अक्सर पुराना वर्जन इस्तेमाल करने की वजह से भी कॉलिंग में रुकावट आती है। ऐसे में गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से जाकर व्हॉट्सऐप को नए वर्जन पर अपडेट कर लें और उसके बाद दोबारा कॉल करके देखें।
माइक्रोफोन और स्पीकर की सफाई भी मायने रखती है। फोन के माइक्रोफोन और स्पीकर में धूल जमा हो जाए तो आवाज की क्वालिटी खराब हो सकती है। इसलिए स्मार्टफोन का स्पीकर और माइक्रोफोन साफ करते रहें, लेकिन सफाई करते वक्त किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
ब्लूटूथ कनेक्शन भी एक वजह हो सकती है। अगर आपका फोन किसी ब्लूटूथ ईयरबड्स, हेडफोन या कार सिस्टम से जुड़ा है और कनेक्शन ठीक से काम नहीं कर रहा, तो इससे भी व्हॉट्सऐप कॉलिंग में दिक्कत आ सकती है। ऐसे में फोन का ब्लूटूथ बंद करके फिर से चालू करें और ईयरबड्स, हेडफोन या कार सिस्टम को दोबारा कनेक्ट करें। इससे आवाज की समस्या काफी हद तक ठीक हो सकती है।
अगर इन सब तरीकों को अपनाने के बाद भी कॉलिंग की समस्या ठीक नहीं होती, तो व्हॉट्सऐप को पूरी तरह बंद करके फिर से खोलें। इसके बाद भी दिक्कत बनी रहे तो फोन को रिस्टार्ट कर लें, क्योंकि कई बार बैकग्राउंड में चल रहे किसी प्रोसेस या सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी की वजह से भी कॉलिंग में रुकावट आती रहती है।