सोम‌वार, 9 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

ट्रम्प बोले, नरक में नहीं जाना, स्वर्ग की उम्मीद; राजनीतिक दुश्मनों से नफरत जिंदगी भर रहेगी

कमरे में एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठा है, हाथ उठाकर बात कर रहा है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
दुनिया PT24 टीम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक इंटरव्यू में मौत के बाद की जिंदगी, अपने विरोधियों और UFO पर बात की। उनके बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने विवादित बयानों और बेबाक अंदाज़ के लिए दुनिया भर में चर्चा में रहते हैं। अब उनका एक नया इंटरव्यू सामने आया है, जिसमें उन्होंने जिंदगी, मौत, स्वर्ग और नरक, अपने राजनीतिक दुश्मनों और एलियन या UFO तक पर खुलकर बात की। यह इंटरव्यू पत्रकार रॉस डुथैट ने लिया। इसमें ट्रम्प की बातें इस समय सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खूब वायरल हो रही हैं और उन पर तरह-तरह की चर्चा चल रही है।

इंटरव्यू में पत्रकार ने ट्रम्प से सीधे पूछा कि उनके हिसाब से मौत के बाद आखिर क्या होता है। ट्रम्प ने कुछ पल सोचा और कहा कि वे चाहते हैं कि लोगों के मन में उनकी अच्छी याद बनी रहे। फिर उन्होंने कहा, "मैं एक धार्मिक इंसान हूं, इसलिए सिद्धांत रूप से मुझे स्वर्ग में ही जाना चाहिए। मेरी यही उम्मीद है, क्योंकि मैं बिल्कुल नरक में नहीं जाना चाहता।"

बातचीत में इस पर भी चर्चा हुई कि अमेरिका की राजनीति में कई जानलेवा हमलों और चुनौतियों का सामना करने के बाद ज़िंदगी और मौत को लेकर ट्रम्प का नज़रिया कैसे बदला है। अपने धार्मिक विश्वास पर ज़ोर देते हुए ट्रम्प ने परोक्ष रूप से यह इशारा किया कि उन्होंने हमेशा सही रास्ते पर चलने की कोशिश की है।

इंटरव्यू का सबसे चर्चित हिस्सा ट्रम्प और उनके राजनीतिक विरोधियों के रिश्तों से जुड़ा रहा। पत्रकार ने उनसे पूछा कि मान लीजिए स्वर्ग में दाखिल होने के लिए आपको जेम्स कोमी, नैन्सी पेलोसी और उन तमाम लोगों के लिए मन, वचन और कर्म से प्रेम और क्षमा रखनी पड़े, जिनसे आप सालों से नफरत करते आए हैं, तो क्या आप ऐसा कर पाएंगे?

ट्रम्प ने बिना किसी लाग-लपेट के साफ जवाब दिया। उन्होंने कहा, "इसका जवाब ना है। मैं ईमानदारी से कहता हूं, मैं ऐसा नहीं कर पाऊंगा। क्योंकि मैं अपने कुछ राजनीतिक दुश्मनों से दिल से नफरत करता हूं और आगे भी जिंदगी भर करता रहूंगा।"

इंटरव्यू के आखिरी हिस्से में ट्रम्प ने एक और रहस्यमय विषय पर बात की। उन्होंने बताया कि उनसे बार-बार पूछे जाने वाले सवालों में एक अहम सवाल UFO यानी अज्ञात उड़ने वाली चीज़ों के बारे में होता है। उनके पहले और दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान वे अमेरिकी वायुसेना के कई अनुभवी और माहिर पायलटों से मिले हैं।

ट्रम्प के मुताबिक इन पायलटों ने UFO को लेकर ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली और अजीब कहानियां सुनाईं कि वे खुद भी हैरान रह गए। ट्रम्प का कहना था कि ये सभी पायलट बेहद समझदार, व्यावहारिक और किसी भी बेबुनियाद साज़िश पर यकीन न करने वाले पेशेवर लोग थे।

इन पायलटों का हुलिया बताते हुए ट्रम्प ने मज़ाक भी किया। उन्होंने कहा कि वे दिखने में बहुत जवान, फिट, करीने से कटे बालों वाले और मशहूर हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज़ जैसे दमदार लगते थे। हंसी-मज़ाक के लहज़े में उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे पायलटों को देखकर कभी-कभी उनका भी मन करता है कि वे वैसा ही हेयरकट करवा लें। साथ ही ट्रम्प ने साफ किया कि भले ही ये लोग बहुत भरोसेमंद हैं, पर उनकी उन कहानियों पर उन्हें खुद पूरी तरह यकीन नहीं होता।

#नागपुर#दुनिया#PT24#World#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन