सोम‌वार, 26 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
AQI 319 | Very Poor 08:41 IST

तेहरान में मुनीर से बोला ईरान: संवर्धित यूरेनियम का एक ग्राम भी देश से बाहर नहीं जाएगा

ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रझाई ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से कहा कि संवर्धित यूरेनियम देश से बाहर नहीं भेजा जाएगा।

तेहरान में मुनीर से बोला ईरान: संवर्धित यूरेनियम का एक ग्राम भी देश से बाहर नहीं जाएगा तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं

अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बीच-बचाव करने तेहरान पहुंचे पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को ईरान से सीधा और सख्त जवाब मिला है। ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रझाई ने मुनीर के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में साफ कहा कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) का एक ग्राम हिस्सा भी देश के बाहर नहीं भेजेगा।

रझाई ने अपने इस फैसले की आधिकारिक पुष्टि 'एक्स' (ट्विटर) और सरकारी मीडिया के जरिए की। बैठक में उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख से कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम और संवर्धित यूरेनियम सिर्फ कोई वैज्ञानिक प्रोजेक्ट नहीं है। यह ईरानी अवाम का हक है और देश की सबसे बड़ी 'राष्ट्रीय संपत्ति' है। इसलिए यह संपत्ति देश के अंदर ही इस्तेमाल होगी और इसे किसी तीसरे देश को सौंपने का सवाल ही नहीं उठता।

यह रुख ऐसे वक्त सामने आया है, जब अमेरिका और पश्चिमी देश ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम पर पाबंदी लगाने का दबाव बना रहे हैं। पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच तनाव घटाकर शांति बातचीत शुरू कराने की पहल कर रहा था। ईरान के इस आक्रामक रवैये से पाकिस्तान की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है और अमेरिका-ईरान के बीच संवाद और मुश्किल हो गया है।

अमेरिका का दावा था कि शांति समझौते के लिए ईरान अपना सारा संवर्धित यूरेनियम विदेश भेजे या उसकी क्षमता घटाए। ईरान ने इस मांग को साफ ठुकरा दिया है। रझाई ने कहा कि अमेरिका की ऐसी धमकियों या दबाव के आगे ईरान कभी नहीं झुकेगा।

बैठक में ईरान ने अमेरिका पर पूरी तरह अविश्वास जताया। रझाई ने कहा कि आज ईरान की जनता या सरकार के मन में अमेरिका को लेकर भरोसे की कोई भावना नहीं बची है। उनके मुताबिक इतिहास गवाह है कि जब-जब ईरान ने बातचीत का रास्ता अपनाया, तब-तब अमेरिका ने भरोसा तोड़कर नई पाबंदियां या फौजी दबाव लाने की कोशिश की।

सोशल मीडिया पर ईरान मामलों पर टिप्पणी करने वाले सीना तूसी (@SinaToossi) ने 20 अक्टूबर 2026 को लिखा कि रझाई ने पाकिस्तान के आसिम मुनीर के सामने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि संवर्धित परमाणु सामग्री का एक कण भी ईरान से बाहर नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी लिखा कि रझाई ने तब तक बातचीत से इनकार किया, जब तक अमेरिका तेहरान की पहले बताई गई 7 शर्तें पूरी करके भरोसा कायम नहीं करता।

अमेरिका के साथ दोबारा बातचीत शुरू करने के लिए ईरान ने बेहद कड़ी शर्तें रखी हैं। इनमें ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिका की नाकाबंदी फौरन हटाना, ईरान के तेल निर्यात पर लगी सारी आर्थिक पाबंदियां वापस लेना और होर्मुझ के जलडमरूमध्य में फौजी आक्रामकता रोकना शामिल है। ईरान ने साफ किया है कि जब तक अमेरिका ये सारी शर्तें पूरी नहीं करता, कोई शांति बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती।

माना जा रहा है कि आसिम मुनीर अमेरिका के प्रतिनिधि या मध्यस्थ के तौर पर ईरान दौरे पर आए थे। उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेझेश्कियन और संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कलीबाफ से भी मुलाकात कर बात की थी। पाकिस्तान को उम्मीद थी कि इस मध्यस्थता से वह क्षेत्रीय राजनीति में अपना दबदबा साबित कर सकेगा।

लेकिन ईरान के इस सीधे और कड़े रुख के बाद पाकिस्तान की कूटनीति की हदें सामने आ गई हैं। विश्व मामलों के विश्लेषकों के मुताबिक अमेरिका और ईरान के मतभेद इतने गहरे हैं कि पाकिस्तान जैसे आर्थिक तंगी में फंसे देश के लिए इसमें बीच-बचाव करना बेहद मुश्किल होगा। अब सबकी नजर इस पर है कि ईरान के इस दो टूक जवाब पर अमेरिका क्या प्रतिक्रिया देता है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे