तलवारबाज की निकल गई हेकड़ी
पहले दी थी धमकी, अब मांग रहा माफी
नागपुर.
बाइक पार्किंग के मामूली विवाद में तलवार लहराकर लोगों को धमकाने वाले आरोपी की पुलिस के सामने सारी हेकड़ी निकल गई. सड़क पर तलवार के दम पर दहशत फैलाने वाला आरोपी पुलिस के सामने पहुंचते ही घुटनों पर आ गया. सीताबर्डी पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक बाजार, कोष्टीपुरा निवासी प्रवीण घुमड़े को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है. 13 नवंबर की रात बाइक पार्क करने को लेकर प्रवीण का कुछ लोगों से विवाद हो गया था. मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि प्रवीण तलवार लेकर सड़क पर उतर आया था. तलवार लहराते हुए उसने लोगों को धमकाया और परिसर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. वीडियो सामने आने के बाद सीताबर्डी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश की और उसे हिरासत में ले लिया. थाने पहुंचते ही आरोपी के तेवर बदल गए. तलवार लहराकर लोगों को डराने वाला प्रवीण अपनी गलती स्वीकार करने लगा. उसने भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने और दोबारा ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने का भरोसा दिया. पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी की हेकड़ी निकल गई.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।