सस्ती चीनी मिली ना तेल और लग गया चूना
महिला हुई शिकार, तहसील में मामला दर्ज
नागपुर.
सस्ते दामों में तेल के डिब्बे और चीनी दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. थोक भाव में बाजार से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर एक व्यक्ति ने महिला, उसकी बेटी और उनके परिचितों से कुल 10.88 लाख की ठगी की है. शुरुआत में कुछ समय तक सामान की आपूर्ति कर आरोपी ने उनका विश्वास जीता, लेकिन जैसे ही मोटी रकम हाथ लगी, उसने माल देना बंद कर दिया. पैसे वापस मांगने पर विवाद करते हुए कथित तौर पर साफ कह दिया कि न सामान मिलेगा और न ही रकम वापस होगी.
पहले भरोसा जीता, फिर लाखों की रकम हड़पी
मामला नागपुर के तहसील पुलिस थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता पांचपावली निवासी 50 वर्षीय नंदना संजय वासनिक हैं. आरोपी तकिया दीवान शाह, मोमिनपुरा निवासी गफुर अहमद अहमद अब्दुल रशीद शेख ने नंदना उनके परिचितों को बताया था कि उसके पास विभिन्न ब्रांड के तेल के डिब्बे और चीनी थोक भाव में बेचने का लाइसेंस है. उसे थोक भाव से सामान मिलता है जिस वजह से वह कम कीमत में उसकी बिक्री करता है. शुरुआत में गफुर अहमद ने तय दरों पर सामान की आपूर्ति भी की. इससे महिला और उनके परिचितों का उस पर भरोसा बढ़ गया. इसी भरोसे का फायदा उठाकर गफुर ने नंदना की बेटी और दूसरे परिचित लोगों को भी फांसा. उसने अलग-अलग किश्तों में एटीएम के माध्यम से नकद और अन्य भुगतान मिलाकर कुल 10.88 लाख रुपये प्राप्त कर लिए.
दो महीने से माल नहीं, पैसे मांगने पर विवाद!
मोटी रकम हाथ में आने के बाद गफुर अहमद के तेवर बदल गए. पिछले दो महीनों से उसने तेल और चीनी की आपूर्ति बंद कर दी और लगातार टालमटोल करने लगा. जब नंदना ने सामान या अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया. हद तो तब हो गई जब गफुर अहमद ने साफ शब्दों में कह दिया कि अब कोई सामान नहीं मिलेगा और पैसे भी भूल जाओ. आखिरकार लगातार परेशान होने के बाद नंदना ने तहसील पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गफूर अहमद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।