टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग, मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं होंगी
जुहू में अभिनेता की गाड़ी पर गोलीबारी के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस आरोपियों और उनके आकाओं को ढूंढ निकालेगी।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलीबारी हुई है। इस हमले से हर तरफ हड़कंप मच गया। बताया गया है कि अभिनेता फुटबॉल मैच खेलकर घर लौट रहे थे, तभी यह वारदात हुई।
जानकारी के मुताबिक तीन हमलावरों ने यह हमला किया। कुछ वीडियो में ये हमलावर गोली चलाते हुए साफ दिख रहे हैं। इस हमले की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली है।
गोलीबारी के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, उनके आकाओं को भी ढूंढ निकालेगी। इसलिए मैं पक्के तौर पर कहूंगा कि इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस को खुलेआम कोई चैलेंज नहीं दे सकता।"
फडणवीस ने कहा, "ये डरपोक लोग हैं। कहीं छिपकर बैठते हैं और वहीं से बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। इनमें हिम्मत नहीं है। ये एक तरह से किराए के लोग हैं। किराए के लोगों के सहारे ऑपरेट करने वाले लोग हैं।" उन्होंने यह भी कहा, "पुलिस के सामने चैलेंज यही है कि ये लोग महाराष्ट्र से ऑपरेट नहीं करते, देश के बाहर से ऑपरेट करते हैं। केंद्र सरकार की जो एजेंसियां हैं, उनसे संपर्क करके महाराष्ट्र और देश के बाहर से ऑपरेट करने वाली इन गैंग को मुंबई पुलिस खत्म कर देगी।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "ऐसी किसी भी गैंग से डरने की जरूरत नहीं है। यह डरपोक लोगों का काम है। ये घबराने वाले लोग हैं। कहीं छिपकर बैठते हैं और वहीं से कम्युनिकेशन का इस्तेमाल करके धमकियां देते रहते हैं। हम हर धमकी को गंभीरता से लेते हैं।" उन्होंने कहा, "मुंबई पुलिस प्रोफेशनल पुलिस फोर्स है। आज तक मुंबई पुलिस ने दिखाया है कि इस तरह के जो अपराधी हैं, उन्हें जेल में डाले बिना नहीं रहेगी। इसलिए मैं पक्का कहता हूं कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।"
फडणवीस ने कहा, "आखिर घटना गंभीर है। इस घटना के सिलसिले में जो-जो करना जरूरी है, वह किया जाएगा। टाइगर श्रॉफ को सुरक्षा मिली हुई है। उन्होंने किसी कारण से वह सुरक्षा पीछे छोड़ रखी थी। उनके साथ सुरक्षा घेरा नहीं था। ऐसे में उन पर हमला हुआ। इस बारे में जानकारी आगे सामने आएगी।"
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी टाइगर श्रॉफ से बात हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ को भरोसा दिलाया है कि वे कोई चिंता न करें। फडणवीस ने कहा, "जिन्होंने यह किया है, उन्हें हम ढूंढ निकालेंगे।"