कतर में बांग्लादेश के पूर्व वायुसेना प्रमुख शेख अब्दुल हन्नान हिरासत में, इंटरपोल की सूचना पर कार्रवाई
बांग्लादेश के पूर्व वायुसेना प्रमुख शेख अब्दुल हन्नान को कतर में हिरासत में लिया गया है। उन पर आय से ज्यादा संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
बांग्लादेश की फौजी और सियासी गलियारों में इन दिनों एक बड़ी खबर की चर्चा है। बांग्लादेश वायुसेना के 16वें प्रमुख रहे एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) शेख अब्दुल हन्नान को कतर में वहां के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने आमदनी के ज्ञात जरियों से कई गुना ज्यादा संपत्ति जमा की, मनी लॉन्ड्रिंग की और बैंक खातों से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन किए।
इंटरपोल की सूचना के आधार पर बांग्लादेश के भ्रष्टाचार विरोधी आयोग (ACC) ने इस गिरफ्तारी की खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। कतर की सुरक्षा एजेंसियों ने यह कार्रवाई 15 अक्टूबर को की। देश छोड़कर भागे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही कार्रवाइयों के बीच इस खबर को काफी अहम माना जा रहा है।
आयोग के उपनिदेशक मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम ने बताया कि हन्नान के खिलाफ पिछले साल से ही जांच चल रही थी। जांच में मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर जुलाई में ही उन पर भ्रष्टाचार निवारण कानून और मनी लॉन्ड्रिंग निवारण कानून के तहत मामले दर्ज किए गए थे।
जांच में हन्नान के पास उनकी आधिकारिक आमदनी से करीब 32.8 मिलियन बांग्लादेशी टका की बेहिसाब और बेनामी संपत्ति मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा उनके नाम के 6 अलग-अलग बैंक खातों से 276.3 मिलियन टका (करीब 27 करोड़ 63 लाख टका) के संदिग्ध और गैरकानूनी लेनदेन होने की बात निकली है। जांच एजेंसियों को शुरुआती शक है कि इतनी बड़ी रकम का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए हुआ।
जांच में सामने आया है कि मामला सिर्फ हन्नान तक सीमित नहीं है, पूरे परिवार तक फैला है। उनकी पत्नी को भी इस केस में सह-आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि उन्होंने पति के पद का गलत इस्तेमाल करके अपने नाम पर 19.1 मिलियन टका की बेहिसाब संपत्ति जमा की। पत्नी के नाम के 32 अलग-अलग बैंक खातों से करीब 11.8 मिलियन टका के संदिग्ध लेनदेन भी हुए हैं।
जांच एजेंसियों की नजर हन्नान की विदेशी संपत्ति पर भी है। सामने आया है कि उन्होंने कनाडा और दुबई जैसे देशों में करोड़ों की बेनामी संपत्ति खरीदी। साथ ही तीन अलग-अलग देशों में उनके बच्चों के नाम पर दर्ज आलीशान संपत्ति की जानकारी अब अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों के हाथ लगी है।
ढाका हाई कोर्ट पहले ही इस मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दे चुका था। मार्च में ACC की अर्जी पर सुनवाई करते हुए अदालत ने हन्नान और उनकी पत्नी के आयकर दस्तावेज जब्त करने का निर्देश दिया था। भ्रष्टाचार के पैसे से खरीदे गए उनके दो आलीशान अपार्टमेंट जब्त किए गए और उनके सभी बैंक खातों में लेनदेन पर रोक लगाकर उन्हें फ्रीज कर दिया गया। इन फैसलों के बाद हन्नान की मुश्किलें बढ़ गई थीं और वे कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विदेश चले गए थे।
हन्नान ने 1984 में बांग्लादेश वायुसेना में जनरल ड्यूटी पायलट के तौर पर नौकरी शुरू की थी। करीब चार दशक के कार्यकाल में उन्होंने कई अहम पद संभाले और 12 जून 2021 को बांग्लादेश के 16वें वायुसेना प्रमुख बने। तीन साल की सेवा के बाद 11 जून 2024 को वे इस पद से रिटायर हुए।
इसी बीच बांग्लादेश नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल मोहम्मद नझमुल हसन पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और वे भी फिलहाल विदेश में फरार बताए गए हैं।