सुदान के अबीई में बाजार के पास ड्रोन हमला, कम से कम 150 की मौत
अबीई के अमिएट बाजार में सोमवार 19 अक्टूबर को हुए ड्रोन हमले में स्थानीय प्रशासन के मुताबिक कम से कम 153 लोग मारे गए।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अफ्रीका के सुदान में चल रहे गृहयुद्ध ने फिर भयावह मोड़ ले लिया है। सुदान के अबीई में बाजार के पास हुए ड्रोन हमले में कम से कम 150 लोगों की मौत हो गई है। इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और आम नागरिकों की सुरक्षा का सवाल एक बार फिर सामने आ गया है।
सुदान और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेस (RSF) के बीच की लड़ाई दिन-ब-दिन और तेज होती जा रही है। कुछ दिन पहले ही सुदान में मिसाइल हमला हुआ था, जिसमें 51 लोगों की जान गई थी। उस हमले की तीव्रता थमी भी नहीं थी कि मौत का यह तांडव दोबारा देखने को मिला।
अबीई सुदान और दक्षिण सुदान की सीमा पर विवादित इलाका है और फिलहाल यह इलाका भारी हिंसा की चपेट में है। सोमवार 19 अक्टूबर को यहां के अमिएट बाजार में ड्रोन हमला हुआ। स्थानीय प्रशासन ने जानकारी दी है कि इस हमले में कम से कम 153 लोगों की मौत हुई है। हमले के बाद बाजार में रखे ईंधन के स्टॉक में आग लग गई, जिससे हालात और बिगड़ गए। आग से कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अबीई प्रशासन के अधिकारियों ने इस हमले के लिए सुदान की सेना को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी तरफ, सुदान की सेना से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि निशाने पर ईंधन के टैंकर थे। सेना को शक था कि ये टैंकर RSF के कब्जे वाले इलाके की तरफ जा रहे थे। सेना का दावा है कि इस कार्रवाई में आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया गया। फिर भी बाजार में नागरिकों की मौत से इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुदान में अप्रैल 2023 से सरकारी सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच गृहयुद्ध चल रहा है। सत्ता की लड़ाई से शुरू हुए इस युद्ध की आंच अब देश के सीमावर्ती इलाकों तक पहुंच गई है। खार्तूम की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि RSF के सैनिक दक्षिण सुदान के पास के विवादित इलाके में छिपे हुए हैं।
इस हमले को लेकर दक्षिण सुदान में गुस्सा है। दक्षिण सुदान ने सुदान के राजदूत को बुलाकर अपना विरोध दर्ज कराया है। संयुक्त राष्ट्र ने भी हमले की निंदा की है और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। राहत कार्य में लगे डॉक्टर घायलों का इलाज कर रहे हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।