सोशल मीडिया वीडियो को आकर्षक बनाना है तो एडिटिंग में इन बातों का रखें ख्याल
वीडियो अपलोड करने से पहले एडिटिंग पर ध्यान देने से ज्यादा व्यूज मिल सकते हैं। मोशन ग्राफिक्स, बी-रोल, ऑडियो, कैप्शन और सॉफ्टवेयर के बारे में जानिए।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने से पहले उसे एडिट करना जरूरी होता है, ताकि आपको ज्यादा व्यूज मिल सकें। अक्सर देखा गया है कि आम वीडियो के मुकाबले जिस वीडियो की एडिटिंग जबरदस्त होती है, उसे बेहतर व्यूज मिलते हैं। इसलिए एडिटिंग करते वक्त हर छोटी बात पर ध्यान रखना बहुत जरूरी है। अगर आप भी सोशल मीडिया पर शानदार एडिट किया हुआ वीडियो डालना चाहते हैं, तो कुछ टिप्स याद रखिए। इनसे आपका वीडियो और ज्यादा आकर्षक बन सकता है।
सबसे पहले बात मोशन ग्राफिक्स की। वीडियो को और आकर्षक दिखाने के लिए आप इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें स्क्रीन पर आने वाला टेक्स्ट, लोगो, एनिमेशन और अलग-अलग तरह के विजुअल इफेक्ट्स शामिल हैं। लोअर थर्ड टाइटल की मदद से स्क्रीन के निचले हिस्से में किसी शख्स का नाम या कोई जरूरी जानकारी जोड़ी जा सकती है। इसके लिए आप कई तरह के सॉफ्टवेयर इस्तेमाल कर सकते हैं।
दूसरी बात, हर वीडियो के लिए नया फुटेज शूट करना जरूरी नहीं है। पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो क्लिप को बी-रोल के तौर पर दोबारा काम में लिया जा सकता है। बी-रोल में ऐसे सपोर्टिंग सीन आते हैं जो मुख्य वीडियो को सहारा देते हैं, जिसे ए-रोल कहा जाता है। इससे वीडियो में वैरायटी आती है और एडिटिंग में लगने वाला वक्त भी बचता है।
तीसरी चीज है ऑडियो एडिटिंग, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वीडियो में अच्छी तस्वीरों के साथ साफ आवाज भी चाहिए। बैकग्राउंड म्यूजिक, बातचीत और साउंड इफेक्ट्स की आवाज सही लेवल पर रखना जरूरी है। बातचीत की आवाज इतनी साफ हो कि देखने वालों को आसानी से समझ में आ जाए। म्यूजिक और साउंड इफेक्ट्स का वीडियो से ताल्लुक होना चाहिए।
चौथी बात सबटाइटल और कैप्शन की है। आजकल सोशल मीडिया पर लोग आवाज बंद करके वीडियो देखना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसे में सबटाइटल और कैप्शन से वीडियो का विषय समझने में काफी मदद मिलती है। जिन लोगों को सुनने में दिक्कत है, वे भी आपका वीडियो आसानी से समझ सकते हैं। कई प्लेटफॉर्म ऑटोमैटिक कैप्शन की सुविधा देते हैं, जिससे कैप्शन लिखते वक्त ज्यादा सोचना नहीं पड़ता।
आखिर में एडिटिंग सॉफ्टवेयर। सॉफ्टवेयर चुनने के साथ उसके फीचर्स की जानकारी रखना भी जरूरी है। एडोबी प्रीमियर प्रो में मल्टी-कैमरा एडिटिंग और फुटेज स्टेबिलाइजेशन जैसी खूबियां मिलती हैं। फाइनल कट प्रो भी एडिटिंग के लिए एक लोकप्रिय विकल्प है, जबकि DaVinci Resolve में कलर ग्रेडिंग और ऑटोमैटिक सबटाइटलिंग जैसी सुविधाएं हैं। नए लोग एप्पल के iMovie जैसे मुफ्त सॉफ्टवेयर से शुरुआत कर सकते हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।