यूट्यूब लाएगा कस्टम फीड्स और कमेंट में जीआईएफ जैसे नए फीचर्स
वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने मेड ऑन यूट्यूब इवेंट में कई नए फीचर्स का ऐलान किया है, जिनमें एआई की मदद से बनने वाला कस्टम फीड और कमेंट सेक्शन में जीआईएफ शामिल हैं।
वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब एक बार फिर अपने यूजर्स का अनुभव बदलने जा रहा है। कंपनी ने अपने मेड ऑन यूट्यूब इवेंट में कई नए फीचर्स की घोषणा की है, जिनमें सबसे खास है कस्टम फीड्स नाम का एक फीचर।
इस फीचर के जरिए यूजर्स एआई की मदद लेकर अपनी पसंद के हिसाब से एक अलग वीडियो फीड तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा कमेंट सेक्शन में जल्द ही जीआईएफ पोस्ट करने का ऑप्शन भी मिलने वाला है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यूट्यूब का कस्टम फीड्स फीचर यूजर्स को उनकी पसंद और जरूरत के हिसाब से अलग-अलग वीडियो फीड बनाने की सुविधा देगा। इसके लिए यूजर्स बहुत आसान भाषा में बता सकते हैं कि उन्हें किस तरह के वीडियो देखने हैं। मिसाल के तौर पर, कोई व्यक्ति वर्कआउट वीडियो, लंबी डॉक्यूमेंट्री या फिर किसी खास कैटेगरी के नए क्रिएटर्स के वीडियो के लिए अलग फीड बना सकता है।
इस फीचर में एआई यूजर की बताई पसंद के हिसाब से वीडियो मैनेज करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके लिए गूगल का जेमिनी एआई मॉडल इस्तेमाल किया जाएगा। बनाई गई फीड यूट्यूब के होमपेज पर एक अलग टैब के रूप में दिखेगी। यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से एक से ज्यादा कस्टम फीड भी बना सकेंगे।
कस्टम फीड शुरुआत में अमेरिका के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी की जानकारी के मुताबिक, यह फीचर वेब, मोबाइल और टीवी पर जल्द शुरू किया जा सकता है। इसका मतलब यह है कि यूजर्स अपने अलग-अलग मूड, पसंद और रूटीन के हिसाब से यूट्यूब का कंटेंट चुन सकेंगे। खास बात यह है कि कस्टम फीड यूट्यूब की पहले से मौजूद मुख्य फीड को खत्म नहीं करेगा, बल्कि यूजर्स को जरूरत के मुताबिक अलग-अलग फीड में स्विच करने का ऑप्शन देगा।
यूट्यूब के कमेंट सेक्शन में भी जल्द एक बड़ा बदलाव होने वाला है। अब यूजर्स वीडियो पर कमेंट करते वक्त सिर्फ टेक्स्ट नहीं, बल्कि जीआईएफ का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए प्लेटफॉर्म पर जीआईएफ की एक लाइब्रेरी उपलब्ध होगी, जहां से यूजर्स अपनी पसंद का जीआईएफ चुनकर कमेंट में पेस्ट कर सकते हैं। यह फीचर दुनियाभर में यूट्यूब के मोबाइल ऐप पर इस साल के अंत तक उपलब्ध होने की संभावना है। इससे कमेंट सेक्शन में यूजर्स अपनी भावनाएं अलग-अलग तरीकों से जाहिर कर सकेंगे।