SBI में AI और डेटा एक्सपर्ट की संविदा भर्ती, 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने AI और डेटा टेक्नोलॉजी के अनुभवी प्रोफेशनल्स के लिए स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के पदों पर आवेदन मंगाए हैं।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में से एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में नौकरी का मौका निकला है। इस बार भर्ती आम बैंकिंग पदों के लिए नहीं है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा टेक्नोलॉजी से जुड़े अनुभवी प्रोफेशनल्स के लिए है। बैंक को ऐसे लोग चाहिए जिन्होंने AI, डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम किया हो।
SBI ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। ये नियुक्तियां नियमित स्थायी भर्ती की जगह तय मियाद के कॉन्ट्रैक्ट पर होंगी। योग्य उम्मीदवार 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर करना होगा।
भर्ती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग, AI गवर्नेंस, टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर और AI ऑपरेशन्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं। बैंक ने जनरल मैनेजर और चीफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर, डिप्टी जनरल मैनेजर, AI सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एंटरप्राइज AI आर्किटेक्ट जैसे पदों के लिए आवेदन बुलाए हैं।
सबसे वरिष्ठ पदों में जनरल मैनेजर और चीफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर का पद है। इसके लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 40 साल और ज्यादा से ज्यादा 55 साल होनी चाहिए। पढ़ाई की बात करें तो कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन जैसे विषय में BE, B.Tech या M.Tech की डिग्री जरूरी है। तय शर्तों के मुताबिक स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस में MSc, स्टैटिस्टिक्स में MA, M.Stat या MCA की डिग्री वाले उम्मीदवार भी अप्लाई कर सकते हैं। इस पद के लिए जरूरी प्रोफेशनल अनुभव और बाकी शर्तें भी पूरी करनी होंगी।
डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) श्रेणी में तीन अलग-अलग स्पेशलाइज्ड पद हैं। पहला पद डिप्टी जनरल मैनेजर, रिस्क एंड ऑपरेशन्स एनालिटिक्स (Risk & Operational Analytics) का है, जो रिस्क और ऑपरेशन्स से जुड़े डेटा विश्लेषण का क्षेत्र है। दूसरा पद डिप्टी जनरल मैनेजर, AI गवर्नेंस एंड कंप्लायंस (AI Governance & Compliance) का है, जो AI के इस्तेमाल के नियम, निगरानी और कंप्लायंस से जुड़ा है। तीसरा पद डिप्टी जनरल मैनेजर, डेटा इंजीनियरिंग, मॉडल एप्लिकेशन डेवलपमेंट एंड AI ऑपरेशन्स (Data Engineering, Model Application Development & AI Operations) का है, जिसका संबंध डेटा इंजीनियरिंग, AI मॉडल से जुड़े एप्लिकेशन डेवलपमेंट और AI सिस्टम के ऑपरेशन्स से है। इन तीनों पदों के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 35 साल और ज्यादा से ज्यादा 50 साल तय की गई है।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को पहले sbi.bank.in पर जाना होगा। वहां करियर या भर्ती वाले सेक्शन में स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन देखना होगा। विज्ञापन खोलकर हर पद के हिसाब से शैक्षणिक योग्यता, उम्र, प्रोफेशनल अनुभव और आवेदन से जुड़े निर्देश ध्यान से पढ़ने होंगे।
पात्र उम्मीदवार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करके प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म में निजी जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और नौकरी से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद तय फॉर्मेट में जरूरी कागजात अपलोड करने होंगे। फॉर्म सबमिट करने से पहले सारी जानकारी अच्छी तरह जांच लें, ताकि कोई गलती न रहे। फिर निर्देशों के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन सबमिट किया जा सकेगा। SBI की स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 19 नवंबर 2026 है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।