रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

सर्दी में भी चलते हैं सोलर पैनल, जानिए रोज़ कितनी बिजली बनती है

छत पर सोलर पैनल, पानी की टंकी, नीली बाल्टी, सफाई के औजार, धुंधली सुबह की रोशनी तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 टीम

कोहरे और कम धूप के डर से कई लोग सर्दी में सोलर सिस्टम लगवाने से बचते हैं। पैनल रोशनी से बिजली बनाते हैं, गर्मी से नहीं, इसलिए ठंड में भी चलते हैं। उत्पादन घटता है तो दिन छोटा होने से।

महंगाई के दौर में बिजली के बिल से राहत पाने के लिए कई लोग घर के पास या छत पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। लेकिन नवंबर और दिसंबर की ठंड शुरू होते ही बहुतों के मन में सवाल उठता है कि सर्दी में तेज़ धूप नहीं होती और कोहरा भी जम जाता है, तो क्या सोलर पैनल काम करना बंद कर देते हैं? इसी गलतफहमी की वजह से कई लोग सर्दियों में सोलर सिस्टम लगवाने से बचते हैं।

सोलर पैनल को लेकर आम धारणा है कि वे धूप की तेज़ गर्मी से बिजली बनाते हैं। सच इसके बिल्कुल उलट है। पैनलों में फोटोवोल्टेइक सेल (Photovoltaic Cells) लगे होते हैं, जो धूप की गर्मी पर नहीं, बल्कि सूरज की रोशनी और उसमें मौजूद फोटॉन कणों पर काम करके बिजली बनाते हैं।

जिस तरह ज़्यादा गर्मी से मोबाइल या लैपटॉप हैंग होने लगता है, उसी तरह मई-जून में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस की कड़ी धूप में पैनल बहुत गरम हो जाते हैं और उनकी कार्यक्षमता व वोल्टेज थोड़ा घट जाता है। इसके उलट सर्दी का ठंडा मौसम और साफ आसमान पैनलों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। ठंडे तापमान में पैनल के भीतर इलेक्ट्रॉनों का बहाव बिना रुकावट के तेज़ी से होता है, इसलिए तेज़ धूप निकले तो वे पूरी क्षमता से बिजली बनाते हैं।

सर्दी में बिजली का उत्पादन थोड़ा घटता ज़रूर है, मगर इसकी मुख्य वजह ठंड नहीं, बल्कि दिन का छोटा होना है। गर्मियों में 10 से 12 घंटे सूरज की रोशनी मिलती है, जबकि सर्दियों में पीक सनलाइट (Peak Sunlight) का समय घटकर 5 से 6 घंटे रह जाता है।

एक अनुमान के मुताबिक आम दिनों में 1 किलोवॉट का सोलर सिस्टम रोज़ 4 से 5 यूनिट बिजली बनाता है, जो सर्दी में घटकर करीब 3 से 3.5 यूनिट प्रतिदिन रह जाती है। इस हिसाब से घर में 3 किलोवॉट का प्लांट हो तो वह सर्दी में रोज़ 9 से 10 यूनिट बिजली आसानी से बना सकता है। जिस दिन घना कोहरा या बादल हों, उस दिन भी पैनल बंद नहीं होते। वे बिखरी हुई रोशनी (Diffused Light) सोखकर अपनी कुल क्षमता की 20 से 30 प्रतिशत बिजली बनाते रहते हैं।

सर्दी और कोहरे में भी भरपूर बिजली लेने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाना ज़रूरी है। बाज़ार में अब पुरानी पॉलीक्रिस्टलाइन प्लेटों की जगह Mono PERC Half-Cut और Bifacial पैनल आ गए हैं। Bifacial यानी दोनों तरफ से बिजली बनाने वाले ये पैनल कम रोशनी में भी बढ़िया प्रदर्शन करते हैं।

इसके अलावा सर्दी में सूरज थोड़ा दक्षिण की तरफ नीचे झुक जाता है, इसलिए पैनल का टिल्ट एंगल (Tilt Angle) थोड़ा बढ़ाना फायदेमंद रहता है। सबसे अहम बात पैनल की सफाई है। ठंड में गिरने वाली ओस की बूंदों से पैनल पर धूल और प्रदूषण की परत जम जाती है, जो सूरज की किरणों को रोकती है। इसलिए हफ्ते में कम से कम दो बार सुबह साफ पानी और वाइपर से पैनल साफ करने चाहिए।

#नागपुर#PT24#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन