रिजवान और इमाम-उल-हक से NCCIA की पूछताछ, ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक होने का शक
इंग्लैंड के खिलाफ कसोटी सीरीज में हार के बीच पाकिस्तान की साइबर क्राइम एजेंसी ने दो सीनियर खिलाड़ियों को पूछताछ के लिए बुलाया।
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरा टेस्ट मैच चल रहा है और अभी तीसरा दिन है। पाकिस्तान की टीम ने अपनी दूसरी इनिंग में 2 विकेट गंवा दिए हैं। इससे पहले पाकिस्तान की पहली इनिंग महज 133 रन पर ऑल आउट हो गई थी, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 453 रन ठोककर पाकिस्तान को बड़े स्कोर का टारगेट थमा दिया।
इस बीच मैदान के बाहर पाकिस्तान क्रिकेट टीम और उसका बोर्ड एक बड़े विवाद में फंस गया है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान को पहले दोनों मैचों में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है।
तीसरे और आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तान टीम के अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और ओपनर इमाम-उल-हक जैसे अहम खिलाड़ियों को टीम से वापस बुलाया गया है। मगर इसकी वजह सिर्फ खराब परफॉर्मेंस नहीं बताई जा रही, बल्कि इन दोनों पर ड्रेसिंग रूम की गोपनीय जानकारी लीक करने का गंभीर आरोप भी लगाया गया है।
इंग्लैंड दौरे से स्वदेश लौटने के बाद रिजवान और इमाम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पाकिस्तान की 'नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी' यानी NCCIA ने इन दोनों खिलाड़ियों को समन जारी करके पूछताछ के लिए बुलाया था। आरोप है कि इन दोनों ने ड्रेसिंग रूम की गोपनीय जानकारी और टीम की रणनीति बाहर लीक की। इसी के चलते दोनों खिलाड़ियों को NCCIA के सामने हाजिर होकर पूछताछ का सामना करना पड़ा।
सीरीज में लगातार मिल रही हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने पूरे दौरे की गहराई से समीक्षा शुरू कर दी है। एक तरफ टीम का खराब फॉर्म और दूसरी तरफ नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की चल रही गंभीर जांच, इन दोनों वजहों से मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक दोनों का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर अब बड़े खतरे में नजर आ रहा है।
रिजवान और इमाम-उल-हक पर आरोप है कि उन्होंने ड्रेसिंग रूम की स्ट्रैटेजी और वहां से मिली जानकारी बाहर लीक की। जांच एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों से करीब चार घंटे तक पूछताछ की है। इतना ही नहीं, जांच एजेंसी ने दोनों के फोन भी जब्त कर लिए हैं। इन फोन से उनका डेटा, चैट्स और कॉल रिकॉर्ड्स की भी बारीकी से जांच की जाएगी।