रेव पार्टी करनेवाले आयोजक-ग्राहकों पर एफआईआर
'प्राइमटाइम24' की खबर के बाद पांचगांव पुलिस का छापा, संचालक सहित 26 आरोपी नामजद
नागपुर.
उमरेड मार्ग पर हुई रेव पार्टी के प्रकरण में पांचगांव पुलिस ने चांपा के ग्रिन फार्मस के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने ग्रिन फार्मस के संचालक सहित 26 लोगों को आरोपी बनाया है. ग्रामीण पुलिस के इस कदम से फार्म हाउस संचालक और इवेंट की आड़ में अवांछित कृत्य करनेवालों में खलबली मची हुई है.
ज्ञात हो कि 'प्राइट टाइम24' ने इस रेव पार्टी का खुलासा किया था. इस पार्टी में नागपुर के अलावा पड़ोसी जिले और राज्यों के 25 से अधिक व्यापारी शामिल हुए थे. पार्टी में डांस के साथ ऐशो-आराम का प्रबंध किया गया था. इसमें नागपुर की 10 और मुंबई की 7 बार बालाओं को बुलाया गया था. इस पार्टी की किसी को भनक नहीं लगने दी गई थी. प्राइट टाइम24 के खुलासे के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार और अपर अधीक्षक अनिल मस्के ने जांच के निर्देश दिए. इसके बाद हरकत में आई पांचगांव पुलिस ने ग्रिन फार्मस पहुंचकर जांच की. जिसमें पार्टी के आयोजन की पुष्टि हुई. फार्म के सीसीटीवी में युवतियां लोगों के साथ अश्लील हावभाव करके डांस करते हुए दिखाई दिए.
तथ्यों के आधार पर पांचगांव पुलिस ने फार्म के संचालक रामलु कोंडया सुल्तान, मैनेजर आरिफ अनवर खान, केयर टेकर आरिफ सुलेमान शेख के साथ ही ग्राहक सुरेश वासुदेव वासेकर, अनुप नरेश निखाडे, मनू संजय सोनी, मानव महेश सरेका, बलदेव बेगराम चौधरी, उमंग विपिन अग्रवाल, जय सुधाकर राउत, जिगर हिम्मतभाई पोकार, अनिल सदाशिव तायवाडे, अक्षय किशोर झाबिया, हितेश प्रल्हाद बठेजा, किशोर रमेश सालवे, जिग्नेश प्रवीण पोकार, प्रीतम खुशाल रामटेके, राम कन्हैया अग्रवाल, पिंटू छोटू शर्मा, विवेक माणिक कुडे, अजय राजपुत, प्रदीप धवडे तथा चार महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ अश्लील नृत्य करके महिलाओं की प्रतिष्ठा को खराब करने का मामला दर्ज किया गया है. ग्रिन फार्मस से 64 हजार रुपए का सामान बरामद कर अन्य आरोपियों की खोजबीन आरंभ की गई है. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने नियमों का उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है. उन्होंने एलसीबी और थानेदारों को फार्म हाउस में होनेवाले आयोजनों पर नजर रखने के निर्देश दिए है.