फोन चोरी हो जाए तो तुरंत करें तीन काम, वरना खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
फोन चोरी होने पर सिम ब्लॉक करना, पुलिस में रिपोर्ट लिखवाना और IMEI नंबर ब्लॉक कराना सबसे जरूरी कदम बताए गए हैं।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
स्मार्टफोन आज हमारा सबसे जरूरी गैजेट बन चुका है। उसके बिना एक मिनट भी काटना मुश्किल लगता है, क्योंकि कई काम इसी से चुटकियों में हो जाते हैं। हमारे फोटो, बैंकिंग ऐप, सोशल मीडिया अकाउंट और बाकी बहुत सी जानकारी फोन में सेव रहती है। दूसरे जरूरी डॉक्यूमेंट भी उसी में रखे होते हैं। ऐसे में फोन चोरी हो जाए तो बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
फोन चोरी होने के बाद क्या करना है, यह कई लोगों को सूझता ही नहीं। अगर सही कदम तुरंत नहीं उठाया गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है। फोन के डेटा का गलत इस्तेमाल हो सकता है और बैंक अकाउंट भी खाली किया जा सकता है। इसलिए वक्त गंवाए बिना सबसे पहले तीन जरूरी काम निपटाने चाहिए।
पहला काम है सिम कार्ड को फौरन ब्लॉक कराना। आजकल बैंक अकाउंट, यूपीआई ऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आपके नंबर से जुड़े रहते हैं। सिम ब्लॉक नहीं किया तो फोन चुराने वाला कोई भी शख्स ओटीपी हासिल कर सकता है और आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकता है।
आपके नाम से और आपके नंबर से कॉल या मैसेज करके लोगों के साथ धोखाधड़ी भी की जा सकती है। इसलिए चोरी के तुरंत बाद अपने सर्विस प्रोवाइडर, यानी एयरटेल, जियो, वोडाफोन-आइडिया या बीएसएनएल के कस्टमर केयर को कॉल करें। उन्हें पूरी बात बताएं और सिम कार्ड ब्लॉक करने को कहें।
दूसरा सबसे जरूरी काम है पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराना। सिम ब्लॉक करने के बाद यह कदम उठाएं। फोन चोरी हुआ हो या खो गया हो, दोनों हालत में पुलिस में शिकायत करें। आप चाहें तो ऑनलाइन पोर्टल से भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। यह रिपोर्ट साइबर सेल और पुलिस रिकॉर्ड के लिए बहुत अहम है। फोन को हमेशा के लिए ब्लॉक कराने या उसे ट्रैक करने की जरूरी सरकारी प्रक्रिया इसी के बाद पूरी होती है।
कई राज्यों में ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा मौजूद है। इसके जरिए आप घर बैठे तुरंत पुलिस में शिकायत कर सकते हैं। यह रिपोर्ट कानूनी सबूत का काम करती है। बाद में CEIR पोर्टल पर अनुरोध देते समय आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। किसी भी अनहोनी की सूरत में यह आपकी हिफाजत भी करती है।
तीसरा काम है CEIR पोर्टल पर जाकर IMEI नंबर ब्लॉक कराना। डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम के संचार साथी पोर्टल और CEIR प्लेटफॉर्म पर जाकर आप चोरी हुए फोन का IMEI नंबर ब्लॉक कर सकते हैं। इसके लिए CEIR की ऑफिशियल वेबसाइट https://www.ceir.gov.in/Home/index.jsp पर जाएं। वहां चोरी हुए फोन का IMEI नंबर, मोबाइल नंबर और खरीद का बिल या पुलिस शिकायत की कॉपी अपलोड करनी होगी। इसके बाद फोन ब्लॉक करने का अनुरोध करना होगा।
अनुरोध सबमिट होने के बाद सरकार और सभी टेलीकॉम कंपनियां उस फोन के IMEI नंबर को पूरे देश में ब्लैकलिस्ट कर देंगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि चोर कोई भी नया सिम कार्ड डाल ले, फोन पूरी तरह बेकार रहेगा। यानी वह सिर्फ पेपरवेट बनकर रह जाएगा और किसी भी नेटवर्क पर नहीं चलेगा।