स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार
कर्मचारी गिरफ्तार, तीन महिलाएं मुक्त
नागपुर.
स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने शिकंजा कसा है. सदर छावनी के ग्रेप्स स्पा एंड सलून में सामाजिक सुरक्षा विभाग और एएचटीयू की टीम ने अचानक छापा मारा और तीन महिलाओं को मुक्त कराया. महिलाओं को ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर ग्राहकों के पास भेजा जाता था. कार्रवाई के लिए बोगस ग्राहक का सहारा लिया गया और तय संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने सेंटर पर धावा बोल दिया. मामले में एक कर्मचारी को आरोपी बनाया गया है, जबकि स्पा संचालिका और मैनेजर की तलाश जारी है.पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां स्पा की आड़ में महिलाओं से कथित तौर पर देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने दो पंचों और एक बोगस ग्राहक की मदद ली. बोगस ग्राहक को सेंटर में भेजा गया और जैसे ही तय संकेत मिला, सामाजिक सुरक्षा विभाग तथा एएचटीयू की टीम ने मौके पर छापा मार दिया. इस कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया. महिलाओं को कम समय में ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर ग्राहकों के पास भेजा जाता था और इस गतिविधि से आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था. छापेमारी के बाद पुलिस ने 22 वर्षीय हार्दिक नितीन नागपुरे को आरोपी बनाया है. वह पारडी के गंगाबाग रोड का निवासी है और स्पा सेंटर में कर्मचारी बताया जा रहा है. इस मामले में स्पा संचालिका गुंजन राजेश आसरे, निवासी त्रिमूर्तिनगर, और मैनेजर अन्नु जमीर की तलाश की जा रही है. पुलिस ने सदर थाने में भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित गतिविधियां कब से चल रही थीं और इसमें अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।