बुधवार, 4 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर में सुधांशु त्रिवेदी बोले, विकास रोकने के लिए अराजकता फैलाने की कोशिश हो रही है

नागपुर में सुधांशु त्रिवेदी बोले, विकास रोकने के लिए अराजकता फैलाने की कोशिश हो रही है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सियासत PT24 टीम

भाजपा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने नागपुर में कहा कि भारत का तेजी से हो रहा विकास दुनिया के कुछ देशों और देश के भीतर के कुछ तत्वों से हजम नहीं हो रहा। उनके मुताबिक इन लोगों के पेट में दर्द हो रहा है और इसीलिए वे देश में अराजकता फैलाकर विकास को रोकने का षड्यंत्र कर रहे हैं।

त्रिवेदी भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत देशपांडे सभागार में हुए 'राष्ट्र चिंतन संवाद' में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसी चुनौती का सामना करने के लिए भाजपा तैयार है और देश के सभी नागरिकों को भी यह बात समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को 20 साल में विकसित बनाना है, इसका ध्यान रखें और अराजक तत्वों से सावधान रहें।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक संजय भेंडे, परिणय फुके, अनिल सोले, गिरीश व्यास और जयप्रकाश गुप्ता मौजूद थे। उद्यमी नितिन खारा, एड. नितिन तेलगोटे, श्यामसुंदर सोनी और बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी नागरिक भी आए थे।

त्रिवेदी ने कहा कि अटलबिहारी वाजपेयी ने परमाणु परीक्षण किया तो अमेरिका ने प्रतिबंध लगा दिया, लेकिन भारत नहीं झुका। रूस से तेल लिया तो टैरिफ लगा दिया गया, फिर भी भारत नहीं झुका। उनके अनुसार अब अमेरिका को झुकना पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश हथियारों का बड़ा निर्यातक बन गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि रिफाइन पेट्रोल के निर्यात में भारत टॉप पर आ गया है और स्पेस सेक्टर में निजी सेक्टर को आगे लाने की स्थिति में है। त्रिवेदी के शब्दों में एलन मस्क भारत आना चाहते हैं, पर उन्हें आने नहीं दिया जा रहा। दूरसंचार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका की तीनों बड़ी मोबाइल कंपनियों के कुल जितने कस्टमर हैं, उनसे दोगुना कस्टमर जियो के पास हैं और डेढ़ गुना एयरटेल के पास।

SIR को लेकर त्रिवेदी ने कहा कि इसमें ऐसे 3 करोड़ नाम कटे हैं जो यह साफ नहीं कर पा रहे कि वे कहां के हैं। उनके मुताबिक यही कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का दर्द है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की पहचान नहीं हो पा रही और वे गायब हो गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब एसआईआर चल रहा था तो उनके बीएलए क्या कर रहे थे।

त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि अब ये लोग देश में जात-पात, उत्तर-दक्षिण और अगड़ा-पिछड़ा को लेकर लड़ाने की कोशिश कर रहे हैं और जेरजी-जैन अल्फा को सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सारे राम विरोधी रामलीला मैदान में विदेश टूल बनकर इकट्ठा हुए और मॉक पार्लियामेंट बना दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पिता की उम्र के खड़गे कह रहे हैं कि मोदी का बाप भी जाएगा, जबकि राहुल कह रहे हैं कि जाने नहीं देंगे। त्रिवेदी के मुताबिक दोनों बातें एक दूसरे के उलट हैं।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर, जिन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाया है, त्रिवेदी ने कहा कि वे राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करते हैं और उनका आचरण दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी कांग्रेस को यह हजम नहीं हो रहा कि शुद्ध भारतीय विचारधारा वाली पार्टी सत्ता में आ गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब से राजनीति में आए हैं, उन्होंने भाजपा को ऊपर ले जाने का ही काम किया है।

#नागपुर#सियासत#PT24#Politics#Nagpur

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे