मेयो अस्पताल में वसूली के लिए गैंगवार
Rs 3 हजार के विवाद में अपराधियों का तांडव, 10 एंबुलेंस के शीशे चकनाचूर
नागपुर के मेयो अस्पताल में मरीजों की जान बचाने वाली एंबुलेंस ही अब वर्चस्व की जंग का मैदान बन गई हैं. अस्पताल परिसर में सोमवार की रात एंबुलेंस चालकों के दो गुटों के बीच ऐसा बवाल मचा कि पूरा परिसर दहल उठा. विवाद की शुरुआत अस्पताल में एंबुलेंस चलाने के बदले 3 हजार रुपये की रंगदारी मांगने से हुई. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और बेसबॉल बैट, हॉकी और लोहे की रॉड से लैस हमलावरों ने करीब 10 एंबुलेंस के शीशे तोड़ डाले. इस मामले में तहसील पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने सोहेब फिरोज खान को हिरासत में लिया है, जबकि परवेज फिरोज खान और सोनू उर्फ बाबा की तलाश जारी है.
शिकायतकर्ता यशोधरा नगर निवासी 20 वर्षीय शेख रेहान शेख नूर पेशे से एंबुलेंस चालक है. उसका अस्पताल परिसर में एंबुलेंस चलाने को लेकर परवेज फिरोज खान, सोनू उर्फ बाबा और सोहेब फिरोज खान से विवाद हुआ था. आरोपियों ने अस्पताल परिसर में एंबुलेंस चलाने के बदले 3 हजार रुपये की मांग की थी. वहां मौजूद दूसरे एंबुलेंस चालकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद सोमवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया. बताया जा रहा है कि दिन में हुए विवाद और मारपीट का बदला लेने के लिए आरोपियों ने रात में हमला बोल दिया. हाथों में बेसबॉल बैट, हॉकी और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे हमलावरों ने अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस को निशाना बनाया. एक के बाद एक 10 एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए गए. अचानक हुए इस हमले से परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आरोपी मौके से फरार हो गए. परिसर में मौजूद मरीजों के परिजन भी दुबक गए. तहसील पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हफ्ता वसूली, दंगे तथा तोड़फोड़ का मामला दर्ज किया है. आरोपी पेशेवर अपराधी है. मेयो अस्पताल शहर के मध्य में है. यहां रोज सैकड़ों की संख्या में दूसरे राज्यों के भी मरीज यहां आते है. इस घटना से मरीजों में दहशत है.
:::::::::::::::::::::::::::::::::
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।