लापता मीना का 28 दिन बाद मिला शव
हत्या की आशंका, हिंगणा में वारदात
नागपुर.
28 दिन तक महिला लापता रही... परिवार तलाश करता रहा... पुलिस सुराग खोजती रही... लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो हर कोई सन्न रह गया. नागपुर के हिंगना में एक खेत से महिला का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया है. शव की हालत ऐसी कि चेहरा देखकर भी पहचान नहीं हो रही है. मृतक बाली उर्फ मीना रणवीर तेलंग बताई जा रही है. पुलिस डीएनए जांच से पहचान की पुष्टि कर रही है.
देवली, पेंढरी निवासी मीना 6 अक्टूबर की रात घर से गायब हुई थी. किसी व्यक्ति से बातचीत को लेकर मीना और उसके पति रणवीर के बीच विवाद हुआ था. विवाद के बाद पति हॉल में बैठ गया और मीना रसोई में खाना बनाने चली गई. लेकिन कुछ देर बाद जब पति रसोई में पहुंचा तो मीना वहां से गायब थी. काफी तलाश करने पर भी मीना का कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार 7 अक्टूबर को हिंगना पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. देवली के एक खेत में महिला का सड़ा-गला शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा देखकर पहचान करना संभव नहीं हो पा रहा था. घटनास्थल से मिले कपड़ों के आधार पर पुलिस को संदेह है कि शव लापता मीना तेलंग का हो सकता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-1 ऋषिकेश सिंगारेड्डी और इंस्पेक्टर प्रमोद घोंगे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस डीएनए टेस्ट करवा रही है. फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।