माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और 365 सेवाएं 20 घंटे बाद बहाल, 74 देशों पर पड़ा था असर
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि 20 घंटे ठप रहने के बाद आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवा कई जगह लौट आई है। कंपनी के मुताबिक गड़बड़ी नेटवर्क अपग्रेड से जुड़ी तकनीकी खराबी थी।
माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 के सर्वर 12 नवंबर की देर रात अचानक ठप हो गए थे। करीब 20 घंटे बाद कंपनी ने बताया कि कई जगह सेवा फिर से चालू हो गई है। कंपनी ने यह जानकारी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके दी।
इस गड़बड़ी का असर दुनिया भर के लाखों यूजर्स पर पड़ा। कई कंपनियों का काम देर से शुरू हो सका। माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड की इस समस्या से 74 देश प्रभावित हुए, जिनमें भारत, दूसरे एशियाई देश, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, उत्तर अमेरिका और यूरोप के कुछ देश शामिल हैं। बताया गया है कि कई देशों में बिज़नेस माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस पर चलते हैं, इसलिए कम्युनिकेशन की कड़ी टूट गई। ऑफिस 365 में आई दिक्कत से ईमेल पूरी तरह बंद हो गया था। फिनटेक कंपनियों पर इसका सबसे ज़्यादा असर दिखा। करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस के पोस्ट में कहा गया कि प्रभावित इलाकों में रिकवरी आगे बढ़ रही है। उत्तर अमेरिका में ज़्यादा सुधार है, यूरोप के बड़े हिस्से में सुधार बना हुआ है और एशिया पैसिफिक में रिकवरी के अच्छे संकेत हैं। कंपनी के मुताबिक कुछ यूजर्स को अब भी रुक-रुककर एक्सेस की दिक्कत या ईमेल पहुंचने में देरी हो सकती है, क्योंकि बाकी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर में समाधान का काम जारी है। कंपनी का ध्यान बहाल हो चुके इंफ्रास्ट्रक्चर को स्थिर रखने, बचे इलाकों में काम पूरा करने और ईमेल की देरी वाली कतारें व बैकलॉग घटाने पर है। इसके लिए सभी कनेक्शन तरीकों पर सेवा की स्थिरता जांची जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में MO1550821 नाम से और विस्तृत अपडेट जारी किया गया है।
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य अकाउंट से जारी पोस्ट में कंपनी ने ग्राहकों और पार्टनरों से गहरा खेद जताया। उसने कहा कि वह उनके भरोसे को जानती है और इस ज़िम्मेदारी को बेहद गंभीरता से लेती है। कंपनी के मुताबिक यह तकनीकी गड़बड़ी थी, जिसका साइबर हमले या AI और एजेंट्स से कोई संबंध नहीं है। समस्या पहले हुए नेटवर्क कैपेसिटी अपग्रेड के दौरान पैदा हुई थी और हाल के एक नेटवर्क बदलाव के बाद सामने आई। कंपनी का कहना है कि उसने मूल समस्या ठीक कर दी है और बाकी ग्राहकों व इलाकों में सेवा बहाल करना जारी है।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि मांग बहुत ज़्यादा थी, इसलिए सेवाएं धीरे-धीरे बहाल की गईं और हर चरण में स्थिरता की जांच की गई। इसमें ज़्यादा वक्त लगा, पर इससे बहाली स्थिर रही। कंपनी ने कहा कि समीक्षा पूरी होने पर वह घटना की पूरी रिपोर्ट देगी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।